सीएम ने बड़वानी-राजगढ़ जिले से किया संवाद, कहा समाज में खाई बनने से रोकें
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जिलों में कलेक्टर, एसपी समाज में खाई बनने से रोकें। दलित और गैर दलित क्यों हो…। दलित भी अपने भाई हैं और गैर दलित भी अपने हैं। हम तो आएंगे और जाएंगे लेकिन समाज तो यहीं रहने वाला है। इसमें अगर खाई पैदा हो गई तो यह समाज के लिए घातक है। सभी धर्मों और जातियों के लोग हमारे भाई हैं, इनमें किसी प्रकार का भेद नहीं है। कुछ असामाजिक तत्व हैं, जो भ्रम फैला कर समाज को बाँटते हैं, इन्हे पहचानें और इनसे सतर्क रहे, इनके बहकावे में न आएं और न किसी को आने दें।
सीएम चौहान ने सोमवार को सुबह 6.30 बजे बड़वानी और राजगढ़ जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से ये बातें जिलों की समीक्षा करने के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि समाज को तोड़ने वालों, समुदायों के बीच खाई उत्पन्न करने वालों को विफल करें। मेरा केवल इतना कहना है कि एक सोशल अभियान चलना चाहिए और गांव-गांव मे जहा ऐसी चीजें होती हैं, बैठकें हो जाना चाहिए ताकि इस तरह का माहौल न बने। उकसाने वाली भी चीजें नहीं होनी चाहिए।प्रशासन, जनप्रतिनिधि आपसी सद्भाव बनाने दोनों पक्षों के साथ बैठकें करें, उन्हें समझाएं। अगर थोड़ी सी बातचीत हो जाएगी, समझ जाएंगे लोग तो घटनाएं बंद हो जाएंगी।
राजगढ़ में ओडीओपी के काम पर नाराजगी
राजगढ़ जिले की समीक्षा के दौरान सीएम चौहान ने कहा कि जरूरत हो तो परिवहन कर पानी दें लेकिन पेयजल मिलना चाहिए। कलेक्टर ने बताया कि ब्यावरा में टेंपरेरी बेसिस पर 56 स्थानों पर ट्यूबबेल से पानी सप्लाई कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 8200 हैंडपंप है जिसमें 600 हैंडपंप में सुधार कार्य चल रहा है। सारंगपुर में ज्यादातर स्थानों कर सिंगल फेस मोटर लगाकर पानी दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि पीएम आवास और राशन वितरण में कोई पैसा न खा पाए, इसका ध्यान रखें। सीएम ने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) में राजगढ़ जिले में संतरा के चयन और उसके लिए किए गए काम पर नाराजगी जताई और कहा कि काम से संतुष्ट नहीं हैं। इसमें कोई काम नहीं हुआ है, संतरे की ब्रांडिंग, सॉर्टिंग, प्रोसेसिंग की योजना बनाएँ। अवैध निर्माण और अतिक्रमण कार्यवाही के साथ लॉ एंड आर्डर को लेकर सीएम चौहान ने कहा कि कुछ गांवों में विवाद बन रहा है, समाज तोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। हमें इसे चिंता से देखना चाहिए। समाज में खाई पैदा न हो। कार्रवाई के साथ ही हम सद्भाव भी पैदा करें। केवल प्रशासन नहीं, जनप्रतिनिधि भी लोगों को समझाएँ। अन्याय न हो, आप बैठक करें और लोगों को समझाएँ कि इसमें कोई फायदा नहीं है।
बड़वानी के मिशन पहुंच और उम्मीद का सराहना
बड़वानी जिले की समीक्षा के दौरान कलेक्टर शिवराज वर्मा ने कुपोषण दूर करने के लिए मिशन उम्मीद चलाए जाने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि ह्यपहुँच अभियानह्ण प्रारंभ किया है, इसमें गांव का अमला समग्र आईडी बनाने और अन्य काम करते हैं। सीएम चौहान ने कहा कि पहुँच अभियान मॉडल मुझे भेजें। राशन वितरण और पीएम आवास के मामले में चर्चा कर सीएम चौहान ने कहा कि गड़बड़ी करने वालों को किसी कीमत पर मत छोड़ो। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकुर अभियान में बड़वानी में अच्छा काम हुआ है। जनजातीय समाज के लिए पेसा एक्ट लागू करना, सामुदायिक वन प्रबंधन का अधिकार देने जैसे कार्य अच्छे से करें। जो लोग विद्वेष फैलाते हैं, समाज को बाँटने की कोशिश करते हैं, टीम बनाकर उन्हें विफल करें। लॉ एंड आॅर्डर स्थिति पर कलेक्टर ने बताया कि कुछ संगठन मौके ढूंढते हैं लेकिन काफी कुछ कंट्रोल में हैं। सीएम ने कहा कि मिशन उम्मीद, पहुंच अभियान और अंकुर अभियान में जो काम बड़वानी जिले में हुआ है वह काम अद्भुत है। इसका प्रजेंटेशन कलेक्टरों के बीच कराया जाएगा।
