चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बताया, IP 2022 में टीम से कहां रह गई कमियां

नई दिल्ली
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग को लगता है कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के सीजन में करीबी मैचों में जीत दर्ज करने के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चार बार की चैम्पियन सीएसके का अभियान नौंवे स्थान पर समाप्त हुआ, जिसमें टीम 14 मैचों में महज चार जीत ही दर्ज कर सकी। चेन्नई को शुक्रवार को भी राजस्थान रॉयल्स के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

फ्लेमिंग ने सीएसके को मिली हार के बाद कहा, 'हमारे कई मैच ऐसे रहे जो करीबी थे लेकिन हम उनमें जीत दर्ज करने के लिए अच्छा नहीं कर सके। इस सीजन में ऐसा ही रहा जिससे हम क्वालीफाई नहीं कर सके।' उन्होंने साथ ही कहा कि टीम पिछले सत्र की तरह नहीं खेल सकी जिसमें कई नये खिलाड़ी भी थे। फ्लेमिंग ने कहा, 'जब आप नये चक्र की शुरुआत करते हो तो आपके पास कई नये खिलाड़ी होते हैं और यह परीक्षा लेने वाला हो सकता है। उन्होंने कहा, 'हम पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन को जारी नहीं रख सके जो सचमुच चुनौती थी।'

फ्लेमिंग को हालांकि लगता है कि इस सत्र का प्रदर्शन लीग के अगले चरण के लिये खिलाड़ियों के लिये उत्प्रेरक की तरह काम करेगा। उन्होंने कहा, 'हमारे पास फॉर्म में चल रहे कुछ खिलाड़ी नहीं थे जो हमें जीत दिला सकें और लय बनाये रखें। हमारे पास बेहतर करने का मौका था लेकिन सच्चाई यही है कि हम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके और यह अगले साल के लिये उत्प्रेरक का काम करेगा।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *