हमीदिया में बुजुर्गों के लिए 30 बिस्तर का वार्ड जुलाई से शुरू

भोपाल
 गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हमीदिया अस्पताल के नए भवन के ब्लॉक ए में 11वीं मंजिल पर बुजुर्गों के लिए 30 बिस्तर का वार्ड बनाया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर यह वार्ड बनाया जा रहा है। यहां पर फिजियोथेरेपी यूनिट भी बनाई जाएगी। यहां उन बुजुर्गों को भर्ती किया जाएगा, जिन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं है। बुढ़ापे के चलते हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याएं, सांस लेने में तकलीफ, अस्थमा आदि बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जाएगा। यह प्रदेश का पहला शासकीय अस्पताल होगा जहां बुजुर्गों के लिए अलग से वार्ड बनाया जा रहा है। वार्ड में बुजुर्गों के इलाज (जिरियाट्रिक) में विशेष तौर पर प्रशिक्षित नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को पदस्थ कया जाएगा।

बता दें कि यह वार्ड 5 साल पहले बनाया जाना था, लेकिन पुराने अस्पताल में जगह नहीं होने के कारण नहीं बन पा रहा था। अब नए भवन की 11वी मंजिल में इसके लिए जगह आवंटित की गई है। गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ अरविंद राय ने बताया कि वार्ड में उन मरीजों को भी रखा जा सकेगा, जिनकी देखभाल के लिए उनके स्वजन नहीं होते हैं।

31 मई तक हस्तांतरित हो जाएगा अस्पताल भवन

नए अस्पताल भवन के ब्लॉक ए का काम 99% पूरा हो गया है। लाल भवन के पास काम विलंब से शुरू होने की वजह से देरी हुई है। अब इस हिस्से का काम भी 31 मई तक पूरा हो जाएगा। संभागायुक्त गुलशन बामरा ने निर्माण एजेंसी पीआइयू से 31 मई तक अस्पताल भवन हस्तांतरित करने के लिए कहा है। इस अस्पताल में मेडिसिन विभाग, सर्जरी विभाग, नाक, कान एवं गला रोग विभाग के वार्ड है। आपरेशन थिएटर भी है। भूतल पर मेडिसिन का स्टोर रूम रहेगा। इस ब्‍लाक में कुल 791 बिस्तर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *