ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट 4 ने बनाया 100 दिनों का सतत् बिजली उत्पादन का नया रिकार्ड

भोपाल

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी की ताप विद्युत यूनिट की सतत् विद्युत उत्पादन की श्रृखंला में संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर की 210 मेगावाट स्थापित क्षमता की यूनिट- 4 ने अब 100 दिनों का लगातार विद्युत उत्पादन करने का नया कीर्तिमान बनाया है। यह यूनिट 8 फरवरी 2022 से अभी तक निर्बाध बिजली उत्पादन कर रही है। इस दौरान यूनिट का प्लांट अवलेबिलिटी फेक्टर (पीएएफ) 73.9 प्रतिशत, प्लांट लोड फेक्टर (पीएलएफ) 72.5 प्रतिशत, ऑक्जलरी कंजम्पशन 9.5 प्रतिशत, विशिष्ट कोल खपत 0.76 किलोग्राम प्रति यूनिट और विशिष्ट तेल खपत 0.07 मिली लीटर प्रति यूनिट रही। संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर की यह यूनिट 22 वर्ष पूर्व एक अप्रैल 2000  को क्र‍ियाशील हुई थी।

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने बिरसिंहपुर में विद्युत गृह के समस्त अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों को इस उपलब्ध‍ि के लिए प्रशस्त‍ि-पत्र प्रदान किया।

चार ताप विद्युत यूनिट कर रहीं 100 और 200 दिन से अधिक तक सतत् विद्युत उत्पादन

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी की चार ताप विद्युत यूनिट 100 या 200 दिन से अधिक तक लगातार विद्युत उत्पादन कर रही हैं। यह यूनिट हैं- सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की 250-250 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक 10 एवं 11, सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना डोंगलिया (खंडवा) की 600 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक एक और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट क्रमांक चार।    

मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे ने संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंहपुर की यूनिट 4 द्वारा 100 दिनों के सतत् विद्युत उत्पादन के कीर्तिमान पर संजय गांधी ताप विद्युत गृह, बिरसिंहपुर के समस्त अभियंताओं और तकनीकी कार्मिकों को उनके सामूहिक प्रयास, लगन और समर्पण के लिए बधाई दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *