सबसे बड़ी ओपनिंग से बॉलीवुड में लौटी खुशी, काम आया कार्तिक का करिश्मा

आखिरकार कार्तिक आर्यन ने साबित कर ही दिया कि वह गुदड़ी के लाल क्यों हैं? कार्तिक आर्यन की शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म भूल भुलैया 2 ने पहले ही दिन इतनी तगड़ी ओपनिंग ली है, जितनी ओपनिंग साल के पांचवें महीने तक बॉक्स आफिस पर कोई हिंदी फिल्म सितारा नहीं ले पाया। इस साल की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग हिंदी फिल्मों में अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडे की रही है जिसने रिलीज के पहले दिन 13.25 करोड़ रुपये कमाए थे। कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तब्बू की फिल्म भूल भुलैया 2 ने इस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। कार्तिक आर्यन के अपने खुद के करियर की ये सबसे बड़ी ओपनिंग है। इसके पहले उनकी फिल्म लव आजकल ने 12 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी।

उम्मीद से ज्यादा कमाई
फिल्म भूल भुलैया 2 पूरे देश में करीब 3200 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। टी सीरीज की इस फिल्म के पहले दिन करीब 11 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन फिल्म के ट्रेलर और इसके प्रचार से फिल्म को मिले फायदे का नतीजा ये रहा कि फिल्म ने पहले ही दिन करीब 16.50 करोड़ रुपये की टिकटें बेच डालीं। फिल्म की नेट कमाई पहले दिन की करीब 14.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये शुरूआती आंकड़े हैं और इसमें शनिवार की दोपहर आखिरी आंकड़े आने तक थोड़ा बहुत फेरबदल भी हो सकता है।

साल की सबसे बड़ी ओपनिंग
अनीस बज्मी निर्देशित फिल्म भूल भुलैया 2 ने मार्च महीने में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडे के उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है जिसे साल 2022 की सबसे बड़ी ओपनिंग अब तक माना गया। बच्चन पांडे के अलावा सिर्फ फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी ही ऐसी हिंदी फिल्म रही है जिसने बॉक्स आॅफिस पर इस साल 10 करोड़ रुपये या उससे ऊपर की कमाई की है। इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी में बनी फिल्म अब तक द कश्मीर फाइल्स रही है जिसने बॉक्स आफिस पर कुल 252.90 करोड़ रुपये की कमाई की, हालांकि इसका पहले दिन का कलेक्शन सिर्फ 3.55 करोड़ रुपये ही रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *