धर्म छिपाकर महिला डाक्टर का किया शारीरिक शोषण, केस दर्ज

भोपाल
 राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में लव जिहाद का मामला सामने आया है। पीड़िता पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट है। आरोपित ने अपना धर्म छिपाकर उससे दोस्ती की और बाद में उसके और परिवार के करीब आकर उसके साथ ज्यादती की। आरोपित ने इसका फायदा उठाकर उसके दो अस्पतालों पर भी कब्जा कर लिया। वह धर्म परिवर्तन कर उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। महिला डाक्टर की शिकायत पर अशोका गार्डन थाना पुलिस ने ज्यादती, धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

अशोका गार्डन पुलिस के मुताबिक मूलतः बैतूल निवासी 31 साल की महिला डाक्टर इलाके में रहती है। उसका 2018 में उसका प्रेम विवाह हुआ था, लेकिन एक माह बाद ही वह अपने पति से अलग हो गई थी। उसके बाद डिपो चौराहे पर एक अस्पताल में उन्होंने नौकरी कर ली।वहां पर निहाल खान से महिला डाक्टर की पहचान हुई थी। समय बीतने के बाद साथ निहाल से उनकी गहरी दोस्ती हो गई।

उनके घर पर भी आने जाने लगा था। वह परिवार वालों से भी घुल मिल गया था। उसने हमदर्दी दिखाकर महिला डाक्टर को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उससे शादी करने का बोलने लगा। दो नवंबर 2018 को निहाल महिला डाक्टर के घर पर पहुंचा। जहां उसने महिला डाक्टर को अकेला पाकर उसके मना करने के बाद भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान महिला डाक्टर को आरोपित ने कभी पता नहीं चलने दिया कि वह दूसरे धर्म का है। महिला डाक्टर उसे हिंदू समझती थी। बाद में वह जब भी उससे शादी करने का बोलती तो वह बात को टाल देता था। बाद में आरोपित ने अशोका गार्डन में महिला डाक्टर की मां के नाम पर एक अस्पताल भी खोला। अस्पताल के लिए आरोपित ने उसकी मां से भी रुपये लिए थे। इसी बीच में अस्पताल का काम रुक गया। तभी डिपो चौराहे के एक अस्पताल का पता चला कि वह बेचा जा रहा है। उसके के बाद किस्तों में आठ लाख रुपये की रकम देने के बाद उस अस्पताल को महिला डाक्टर ने खरीद लिया। बाद में निहाल ने उसमें भी अनुबंध बना लिया और कहा कि उस पर भरोसा रखो। इसी बीच इस अस्पताल से जो रूपये आए, उनसे अशोका गार्डन वाले मां के नाम के अस्पताल का काम शुरू कर दिया।

 

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान उसको पता चला कि निहाल तो मुसलमान है। जब महिला डाक्टर ने निहाल से कहा कि पहले उसने उसके धर्म को लेकर सच क्यों नहीं बताया। इस पर निहाल ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह महिला डाक्‍टर से कहने लगा कि पहले अपना धर्म परिवर्तन करो, उसके बाद ही वह शादी करेगा। उसने तो यहां तक कहा कि वह हिंदुस्तान का कानून नहीं मानता है। इस दौरान महिला डाक्टर को पता चला कि उसने दोनों अस्पताल अपने नाम पर करा लिए हैं। 18 मई को अस्पताल के एक कर्मचारी ने महिला से छेडखानी की। उसने विरोध किया तो निहाल ने महिला डाक्टर के साथ फिर से मारपीट कर उसे धमकाया। बाद में उसने कहा कि वह जिस धर्म का है, उस धर्म के व्यक्ति का ही साथ देगा। उसने कहा कि उसे उसके साथ निकाह करना है तो चलो। उसके बाद वह महिला डाक्टर की कार लेकर चला गया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *