भारत को इंडोनेशिया के एक फैसले से राहत, कम हो सकते हैं खाद्य तेल के भाव

नई दिल्ली
इंडोनेशिया ने पाम तेल निर्यात प्रतिबंध को हटाने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति जोको विडोडो ने कहा कि 23 मई यानी सोमवार से प्रतिबंध हटा दिया जाएगा। इस फैसले का फायदा भारत को मिलने की उम्मीद है। दरअसल, भारत पाम तेल का एक बड़ा हिस्सा इंडोनेशिया से आयात करता है लेकिन बीते दिनों घरेलू कीमतों पर कंट्रोल के लिए इंडोनेशिया ने दूसरे देशों को पाम तेल देने से मना कर दिया था। अब स्थिति में सुधार के बाद, इंडोनेशिया 23 मई से अपने पाम तेल निर्यात प्रतिबंध को हटा देगा। बता दें कि इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा पाम तेल उत्पादक है और भारत की सालाना करीब 50 प्रतिशत जरूरतों को पूरा करता है। भारतीय घरों में खाना पकाने में पाम तेल का सीधे इस्तेमाल नहीं होता है लेकिन इसकी मौजूदगी हर जगह है। खाने के तेल से लेकर कॉस्मेटिक्स, साबुन, डिटर्जेंट जैसे एफएमसीजी उत्पाद में भी पाम तेल का इस्तेमाल किया जाता है।

सरकार पर था दबाव
पाम तेल के निर्यात पर प्रतिबंध के बाद से ही इंडोनेशिया की सरकार पर दबाव था। इस वजह से सैकड़ों किसानों ने धरना और प्रदर्शन भी किया। इंडोनेशियन ऑयल पाम फार्मर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलाट मनुरुंग ने कहा कि खाना पकाने के तेल की घरेलू कीमत को रोकने के लिए निर्यात प्रतिबंध ने लगभग 16 मिलियन किसानों के लिए आर्थिक कठिनाई पैदा कर दी है। हालांकि, प्रतिबंध के बावजूद देश में खाना पकाने का तेल 14,000 रुपये (96 सेंट) प्रति लीटर के स्तर पर बना हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *