मुख्यमंत्री चौहान का न्यू शबरी नगर के निवासियों ने माना आभार

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  नेहरु नगर स्थित न्यू शबरी नगर तिराहे पर स्थानीय निवासियों से जल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री चौहान प्रात: मैपकास्ट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इस क्षेत्र से निकल रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने यहाँ रूक कर स्थानीय निवासियों से जल आपूर्ति तथा स्वच्छता के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री चौहान को निवासियों ने एक दिन छोड़कर हो रही जल आपूर्ति और क्षेत्र के एक बोरिंग के खराब होने के कारण कम पानी आने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने मौके से ही फोन कर नगर निगम आयुक्त को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री चौहान मैपकास्ट से वापस लौटते समय पुन: न्यू शबरी नगर रूके और निगम द्वारा की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त की। स्थानीय निवासियों ने कोलार की नई पाइप लाइन से प्रतिदिन जल आपूर्ति शुरू कराने और बोरिंग की तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक कराने के लिए मुख्यमंत्री चौहान का आभार माना। क्षेत्रिय निवासियों ने बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए भी मुख्यमंत्री चौहान को पुष्प-गुच्छ भेंट कर धन्यवाद दिया। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया तथा निगम आयुक्त के. वी. एस. चौधरी भी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *