अमेरिकी शेयर मार्केट में सुनामी से BSE-NSE में तबाही, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट
नई दिल्ली
अमेरिकी शेयर बाजारों में बुधवार को आई सुनामी का असर घरेलू शेयर बाजार पर दिख रहा है। शेयर बाजार आज भारी गिरावट के साथ खुले। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स खुलते ही लाल हो गया। सेंसेक्स बुधवार के बंद स्तर से 1138.23 अंकों का गोता लगाकर 53,070.30 के स्तर पर खुला तो वहीं निफ्टी ने भी वॉल स्ट्रीट की तबाही की आंच में झुलस कर दिन की शुरुआत लाल निशान से की।प्रीओपनिंग में ही सेंसेक्स 1168.88 अंक यानी 2.16% टूट कर 53,039.65 के स्तर पर आ गया । बता दें बुधवार को डाऊ जोंस 1,164.52 अंक या 3.57% लुढ़ककर 31,490.07 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक भी 4.73 फीसद या 566 अंकों का गोता लगाकर 11428 के स्तर पर आ गया। इसके अलावा एसएंडपी भी 4.04 फीसद या 165 अंकों की भारी गिरावट के साथ 3923 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स-निफ्टी हुए लाल
शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 920 अंकों गोता लगाकर के साथ 53287 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 274 अंकों के भारी नुकसान के साथ15966 पर था। निफ्टी टॉप गेनर में आज केवल आईटीसी दिख रहा है। टेक महिंद्रा, टाटा स्टील,विप्रो, एनटीपीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील और हिन्डाल्को टॉप लूजर की लिस्ट में हैं।
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में सबसे अधिक नुकसान बजाज फिनसर्व में है। इसके बाद टेक महिंद्रा, विप्रो, इन्फोसिस, टाटा स्टील जैसे स्टॉक्स है। जबकि इसके इतर स्टॉक्स की बात करें तो LIC का शेयर 1.69% गिरकर 861.50 आ गया है।
