बांद्रा हमसफर एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, गोरखपुर स्‍टेशन पर रोकी गई; एक-एक बैग की तलाशी

गोरखपुर
 

गोरखपुर से बांद्रा जाने वाली बांद्रा हमसफर (19092) एक्सप्रेस में मंगलवार रात बम की सूचना से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और भारी संख्या में सिविल पुलिस ने पहुंचकर तलाशी शुरू की। देर रात तक चेकिंग चली। सबकुछ सामान्य मिलने पर 3 घंटे 35 मिनट की देरी से रात 1:05 बजे ट्रेन रवाना हुई।

ट्रेन के गार्ड शीतल प्रसाद ने बताया कि ट्रेन चलने के लिए बिल्कुल तैयार थी। सिग्नल भी हो गया था। अभी चालक ने ट्रेन बढ़ाई ही थी कि स्टेशन मास्टर ने ट्रेन तत्काल रोकने को कहा। सूचना पर तत्काल ट्रेन को रोक दिया गया। जीआरपी प्रभारी उपेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि मिलन रजत नाम के किसी व्यक्ति ने पीएमओ, रेल मंत्रालय को ट्वीट किया है कि गोरखपुर से बांद्रा जाने वाली ट्रेन में कुछ आतंकियों ने बम लगा दिया है। ऐसे में तत्काल ट्रेन को निरस्त कर इसकी विधिवत जांच कराएं।

ट्वीट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ट्रेन को रोकने को कहा गया। बिना देरी किए जीआरपी के साथ ही सिविल और आरपीएफ फोर्स भी ट्रेन के पास पहुंच गई। डॉग स्क्वॉयड को भी लगाया गया। हर कोच में एक-एक बैग की काफी देर तक तलाशी ली गई। इंजन और गार्ड ब्रेक की भी तलाशी ली गई। इसके बाद जांच को और पुख्ता करने के लिए ट्रेन को बैक कर वाशिंग पिट ले जाया गया, जहां बोगियों के नीचे तलाशी ली गई। सबकुछ सही मिलने पर ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए स्टेशन मास्टर को मेमो दिया गया। सब कुछ सामान्य मिलने पर देर रात 1:05 बजे 3 घंटे 35 मिनट की देरी ट्रेन रवाना हुई। चेकिंग के दौरान एसपी सिटी, सीओ कैंट और सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन भी फोर्स के साथ मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *