देश के कई राज्यों अगले 3-4 दिन झमाझम बारिश के आसार

नई दिल्ली

मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. इससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. मानसून (Monsoon) देश के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र बंगाल की खाड़ी और अंडमान के समुद्री इलाकों में 2 से 3 दिन में आ सकता है. इस दौरान आंधी, तेज बारिश और वज्रपात का अनुमान है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रतिधंटा रह सकती है.

मौसम विभाग ने ताजा पुर्वानुमान में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है. वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे के इलाके और उड़ीसा में भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है. केरल, कोस्टल एरिया और कर्नाटक कई कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है.

 उत्तर भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में पारा घटकर 42.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. दिल्ली में रविवार साल का अब तक का सबसे गर्म दिन (45.6 डिग्री सेल्सियस) था.

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 28 डिग्री सेल्सियस और 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आईएमडी ने कहा था कि बुधवार को तापमान फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा और शुक्रवार को यह 45 डिग्री तक पहुंच सकता है.

हिमाचल प्रदेश के शिमला में मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार से बुधवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि होने की संभावना है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में पारा 2 से 5 डिग्री नीचे रहा. धौलपुर 46.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा.

पश्चिमी ओडिशा में रात भर मध्यम से भारी बारिश होने से शुष्क मौसम समाप्त हुआ. मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण अगले तीन-चार दिनों में ओडिशा में गरज के साथ वर्षा और धूल भरी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश को भी लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पारे में गिरावट का अनुमान जताया है. आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि अगले तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जून के मध्य तक मानसून आने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *