बरेली के दो पर्यटक खलिया टाप ट्रैक पर गए लापता, 20 घंटे बाद भी सुराग नहीं

मुनस्यारी
पिथौरागढ़ जिले में खलिया ट्रैक पर ट्रेकिंग को गए दो पर्यटक रास्ता भटकने से लापता हो गए। सूचना के बाद हरकत में आए पुलिस, प्रशासन ने गायब पर्यटकों की खोजबीन को सर्च अभियान चलाया। 20 घंटे बाद भी दोनों पर्यटक को कोई पता नहीं चला है। बरेली के दो पर्यटक संतोष व विशाल रविवार को मुनस्यारी से खलिया ट्रेक पर ट्रेकिंग को रवाना हुए। लेकिन देर रात तक भी उनकी वापसी नहीं हुई।

माना जा रहा है कि वापसी में दोनों रास्ता भटक गए। बाद में लोगों ने इसकी सूचना किसी तरह प्रशासन तक पहुंची। पर्यटकों के गायब होने की सूचना से हड़कंप मच गया और उनकी खोजबीन को सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन उनका कहीं भी सुराग नहीं लगा। दूसरे दिन सोमवार को प्रशासन ने गाइड सोनू निर्खुपा के नेतृत्व में खोजबीन शुरू की। जंगलों की खाक छानी गई। नायब तहसीलदार भुवन लाल वर्मा ने कहा दोनों रास्ता भटक गए हैं। ऐसी आशंका है। स्थानीय गाइडों की मदद से खोजी अभियान चलाया जा रहा है। उम्मीद है जल्द दोनों को सुरक्षित खोजा लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो तलाशी अभियान में लोगों की संख्या बढाई जाएगी। खलिया के सभी जंगलों में लोग भेजे हैं।

रास्ता भटके पर्यटकों के लिए गाइड सोनू बने देवदूत
हिमनगरी के प्रसिद्ध गाइड सोनू निर्खुपा रास्ता भटके पर्यटकों के लिए देवदूत बने हैं। पूर्व सैनिक सोनू क्षेत्र के जंगलों व ट्रेकिंग रूटों से भलीभांति वाकिफ हैं। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने गाइड के रूप में अपनी पहचान बनाई। वे कई पर्यटक दलों के साथ क्षेत्र के विभिन्न ट्रेकिंग रूटों की खाक छान चुके हैं। यही कारण है कि दोनों बार लापता पर्यटकों की खोजबीन को प्रशासन को उनकी मदद लेनी पड़ी, जिस पर वे खरा उतरे हैं। आज भी सोनू से उम्मीद है।

खलिया ट्रेक पर गए दो पर्यटक हो गए थे लापता
एक सप्ताह पूर्व खलिया ट्रेक पर ट्रेकिंग करने गए मुंबई के दो पर्यटक भी लातपा हो गए थे। ये पर्यटक भी रास्ता भटक गए और किसी तरह पहाड़ी पर स्थित गुफा में रात बिताई। इनकी खोजबीन को भी सर्च अभियान चलाया गया था। दूसरे दिन दोनों को सुरक्षित खोजा जा सका।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *