तेज रफ्तार आइशर ने 7 मेहमानों को कुचला ,3 ने दम तोड़ा

खंडवा

खंडवा के मूंदी में सोमवार रात दहेज ले जा रही आइसर गाड़ी ने 7 मेहमानों को रौंद डाला। हादसे में चाचा, भतीजे और भांजी की मौत हो गई। बाकी के 4 लोग गंभीर घायल हैं। मूंदी के रुद्र मैरिज गार्डन में राठौर परिवार की शादी थी। रात सवा दस बजे रिसेप्शन में मेहमानों का आना-जाना लगा था। गार्डन के सामने मेहमानों की भीड़ थी, तभी मूंदी से सिंधखाल की ओर जा रही तेज रफ्तार आइशर गाड़ी लोगों को रौंदते हुए निकली।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइवर ने सबसे पहले दो बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद गाड़ी लहराते हुए मेहमानों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। गाड़ी फिर रोड से फुटपाथ पर उतरी और रुक गई। गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ा और उसे पीटा। इसके बाद पुलिस को सौंपा। हादसे में मौके पर गेंदालाल राठौर (62) की मौत हो गई। उनके भतीजे विशाल राठौर ने रास्ते में और भांजी खुशी राठौर (7) ने खंडवा जिला अस्पताल में दम तोड़ा। इन्हीं के परिवार की बहू भारती, पति संजय, हर्षिता (8) पिता राकेश और शानू गंभीर घायल हो गए।

खुद की नहीं की परवाह, हो गई मौत
विशाल ने सभी घायलों को गाड़ियों में बैठाकर भेजा था। इसके बाद वह जावर अस्पताल तक इलाज करवाने बाद में पहुंचा। उसने कहा था- मैं ठीक हूं। जिन्हें ज्यादा चोट आई है, उन्हें जल्द खंडवा ले जाओ। इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

चारों ओर चीख-पुकार मची थी, बच्ची को लेकर दौड़ा
राकेश ने बताया कि हम शादी से बाहर निकल रहे थे। नशेड़ी ड्राइवर गाड़ी लेकर कुचलते हुए जा रहा था। चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल था। चीख-पुकार मची हुई थी। मेरी बेटी हर्षिता रोड पर पड़ी हुई थी। उसे भी उसने टक्कर मारी थी। मैंने देखा तो कलेजा मुंह को आ गया। बुरी तरह जख्मी थी। खून से लथपथ बेटी को सीने से लगाकर इलाज के लिए अस्पताल की ओर दौड़ा। इस बीच मुझे किसी ने गाड़ी में बैठाया और फिर हम खंडवा की ओर आए।

मदद के लिए लोग दौड़ रहे थे, एंबुलेंस समय पर नहीं आई
लोगों ने घटनास्थल से ही घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय रहते वह नहीं पहुंच पाई। लोग अपनी प्राइवेट गाड़ियों में घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। रिश्तेदारों ने बताया कि एंबुलेंस को फोन किया लेकिन नहीं आई। रोड पर अफरा-तफरी मची थी। चीख-पुकार के बीच लोग मदद के लिए दौड़ रहे थे, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *