ईडी ने रवि केजरीवाल से की पांच घंटे पूछताछ, पूर्व झामुमो नेता ने खोले कई शेल कंपनियों के राज
रांची
आईएएस पूजा सिंघल से जुड़े मामले में ईडी ने रविवार को झामुमो से निष्कासित किए गए नेता रवि केजरीवाल से पांच घंटे पूछताछ की। इस दौरान केजरीवाल ने झारखंड में सियासी संरक्षण में अवैध कमाई और फिर शेल कंपनियों के जरिए निवेश को लेकर कई अहम खुलासे किए।
समन भेज बुलाया था
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को रवि केजरीवाल को समन भेजा गया था। रवि पहले झामुमो के केंद्रीय कोषाध्यक्ष थे, बाद में पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप में उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था। अक्तूबर 2021 में रवि पर सरकार को गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए धुर्वा थाने में एफआईआर करायी गई थी।
कई नामों का खुलासा
पूछताछ में केजरीवाल ने राज्य में बालू के कारोबार के जरिए अवैध कमाई करने वाले कई नामों का खुलासा किया है। केजरीवाल ने बताया है कि 2013 के बाद महाराष्ट्र का एक कारोबारी बालू के जरिए कमाई करने आया था, इसके बाद रैकेट ने बड़ी काली कमाई की। ईडी ने रवि से झारखंड के अमित अग्रवाल नामक कारोबारी के बारे में भी पूछताछ की। अमित के यहां 2020 में आयकर विभाग ने छापेमारी की थी। रवि ने उससे जुड़ी कई जानकारियां शेयर कीं। उसने यह भी बताया कि शेल कंपनियों के जरिए पैसे कैसे बाहर भेजे जाते थे।
क्यों बुलाया रवि को
ईडी के मुताबिक, शेल कंपनियों व खनन से हुई अवैध कमाई की जानकारी रवि को थी। ऐसे में उनसे पूछताछ जरूरी थी। रवि ने सियासी संरक्षण में अवैध कारोबार के जरिए कमाई करने वाले कई नामों का खुलासा किया है।
सिंघल व सीए से पूछताछ, पूजा से मिलने पहुंचे बच्चे
रविवार को पूजा सिंघल और सुमन कुमार से ईडी ने पूछताछ की। दोपहर को अभिषेक झा दोनों बच्चों को लेकर ईडी कार्यालय पहुंचे। बच्चों ने यहां मां पूजा सिंघल से मुलाकात की। इसके बाद वे लौट गए। सोमवार को ईडी पूजा और सुमन को कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड बढ़ाने के लिए आवेदन देगी। सोमवार को ईडी साहिबगंज, पलामू और दुमका के डीएमओ से पूछताछ करेगी।
