संबल 2.0 पोर्टल : CM शिवराज ने श्रमिकों के खाते में डाले 573 करोड़ रुपए
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्बल 2.0 पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह योजना गरीबों के कल्याण के लिए है। इस योजना ने गरीबों की थाली और जीवन में उजाला लाने का काम किया है। इसलिए इसे नए स्वरूप में शुरू किया जा रहा है।
सीएम चौहान ने सोमवार को सीएम निवास में श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में संबल योजना के 25982 श्रमिक परिवारों को 551.16 करोड़ रुपए की अनुग्रह सहायता और निर्माण श्रमिकों के 1036 परिवारों को 22.23 करोड़ रुपए की सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरित की। इस मौके पर योजना के हितग्राहियों से संवाद भी किया गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चौहान ने विगत 27 सितम्बर 2021 को मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना में असंगठित क्षेत्र के 14475 श्रमिक परिवारों को मृत्यु सहायता के रूप में 321.35 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि अंतरित की थी।
अपात्र घोषित किए गए लोग भी कर सकेंगे आवेदन
योजना में तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों को भी लाभ मिलेगा। आवेदन की जानकारी मोबाइल पर एसएमएस अथवा वॉट्सएप के माध्यम से देने का प्रावधान किया गया है। इस योजना में वे श्रमिक भी नए सिरे से आवेदन कर सकेंगे, जो पहले अपात्र घोषित किए गए थे।
