कांग्रेस संगठन में होगा 50 से कम उम्र के नेताओं का बोलबाला

भोपाल
राजस्थान के उदयपुर में हुए कांग्रेस के मंथन के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में 50 साल की उम्र से कम के नेताओं का बोलबाला दिखाई दे सकता है। हालांकि यह निर्भर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर करेगा कि वे कितने ऐसे नेताओं को प्रदेश संगठन में पद देंगे। मंथन में तय किया गया है कि संगठन के 50 फीसदी पद 50 से कम उम्र वाले नेताओं को दिये जाएं। मंथन के बाद यह सुगबुगाहट तेज हो गई है कि प्रदेश संगठन में भी अब यह फार्मूला लागू होगा।

उदयपुर मंथन में तय हुए फार्मूले पर यदि प्रदेश कांग्रेस ने अमल किया तो कई नेताओं की प्रदेश संगठन से छुट्टी हो सकती है। जिसमें वे नेता शामिल होंगे जो 50 की उम्र पार कर चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस में पिछले चार साल से जम्बो कार्यकारिणी हैं। संगठन के अनुषांगिक  संगठन युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल के अलावा प्रकोष्ठ और विभागों की कमेटी अलग से बनी हुई है। युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस को छोड़ दिया जाए तो इनमें भी 50 की उम्र पार कर चुके नेताओं की भरमार है।

उदयपुर में तय हुआ है कि संगठन के प्रत्येक स्तर पर पार्टी समितियों में 50 वर्ष से कम आयु वालों के लिए 50 प्रतिशत पदों को अलग रखा जाए। इसके चलते यदि कमलनाथ ने इस पर अमल किया तो संगठन में कई पद अब 50 वर्ष से कम आयु वालों को देना होंगे, इनके चलते बुजुर्ग नेताओं की संगठन के पदों से छुट्टी हो सकती है।

चुनाव में भी यही फार्मूला
आगामी चुनावों में भी यही फार्मूला लागू करने की बात की गई है। प्रदेश में अब सबसे पहले नगरीय निकाय के चुनाव होने वाले हैं। इसके बाद विधानसभा चुनाव होना है। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस इस फार्मूले पर जा सकती है और 50 प्रतिशत टिकट 50 से कम आयु वालों को दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *