तीन दिन छुट्टियों का कांबो, चंडीगढ़ के पर्यटन स्थलों पर जबरदस्त भीड़

चंडीगढ़
काफी दिनों बाद छुट्टियों का कांबो बना है। इस कांबो का फायदा लोग खूब उठा रहे हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक चंडीगढ़ घूमने आए हैं। खासकर साथ लगते राज्यों से लोग तीन दिन का टूर बनाकर यहां आ रहे हैं। शनिवार और रविवार को छुट्टी रहती ही है। वहीं, इस बार सोमवार को बुद्ध पुर्णिमा की छुट्टी है। कई राज्यों में स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां हो चुकी हैं। इन छुट्टियों की वजह से पेरेंट्स बच्चों के साथ घूमने आ रहे हैं। यही वजह है कि ट्राईसिटी के सभी पर्यटन स्थलों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है।

सबसे ज्यादा भीड़ रॉक गार्डन, चंडीगढ़ बर्ड पार्क और पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में देखने को मिली। रविवार को पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ रही। सुबह से ही यहां इनकी लंबी लाइनें लग गई। गर्मी के बीच भी यह क्रम जारी रहा। इसके बाद चंडीगढ़ के पर्यटन स्थल बर्ड पार्क में अच्छी भीड़ देखने को मिली। बर्ड पार्क अब सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुलता है। अंतिम टिकट शाम छह बजे मिलती है। गर्मी को देखते हुए शाम के समय में इजाफा किया गया है। यहां पर्यटकों की जमकर भीड़ रही। टिकट के लिए मारामारी रही। रविवार को छुट्टी होने से अफ्रीकन लव बर्ड्स को मिलने बहुत से लोग पहुंचे। इसी तरह से रॉक गार्डन में भी पर्यटकों की भीड़ रही।

सुखना लेक पर उमड़ेगी भीड़
चंडीगढ़ की लाइफलाइन सुखना लेक पर दिन में गर्मी की वजह से ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिली। लेक का वॉकिंग ट्रैक वीरान ही नजर आया। लेकिन शाम के समय यहां सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार शाम को भी यहां यही नजारा देखने को मिला। रात 11 बजे तक लोग लेक पर घूमते नजर आए। इसका कारण यह है कि शाम को कई बार ठंडी हवाओं और बादल छाने से मौसम सुहावना हो जाता है। लोग छुट्टी के दिन शाम को लेक पर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *