राष्ट्रपति आज से 21 मई तक दो कैरिबियाई देशों की यात्रा पर रवाना

नई दिल्ली
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ जमैका और सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस (एसवीजी) की सात दिवसीय यात्रा पर आज रवाना हो गए हैं। राष्ट्रपति 15 से 21 मई तक इन दोनों देशों के दौरे पर हैं। इसके साथ ही राष्ट्रपति कोविंद भारत के ऐसे पहले राष्ट्राध्यक्ष बन गए हैं जो इन देशों की यात्रा कर रहे हैं। राष्ट्रपति जमैका की संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी यहां संबोधित करेंगे।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह इन देशों में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की पहली यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा कि राष्ट्रपति कोविंद 15 से 18 मई तक जमैका में रहेंगे। इस दौरान वह अपने समकक्ष जमैका के गवर्नर जनरल सर पैट्रिक एलन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। राष्ट्रपति कोविंद वहां के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति जमैका की संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। जमैका में 70,000 की संख्या में प्रवासी भारतीय हैं, जो भारत के साथ एक जीवंत सेतु का काम करता है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है क्योंकि 2022 भारत और जमैका के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *