प्रदेश में 28 मई से शुरू हो जाएंगी प्री-मानसून गतिविधियां

नर्मदापुरम
 नर्मदांचल में इस बार मानसून की दस्तक पांच दिन पहले हो सकती है। मौसम विभाग ने 10 जून के बाद से बारिश की संभावना जताई है। मानसून की निर्धारित तिथि 15 जून रहती है। बता दें चालू मई में इन दिनों भीषण तपन हो रही है। उमस से लोग परेशान हैं।

तीन दिन बाद मौसम के बदलने के संकेत भी मिल रहे हैं। बताया जाता है 15 से 16 मई के बीच जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके असर से मौसम में बदलाव होगा और 19 मई तक भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अंडमान सागर से सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में 15 मई तक प्रवेश करने की संभावना जताई है। 28 मई के बाद से प्री-मानसून की गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी। नर्मदापुरम संभाग के बैतूल जिले में शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया।

यहां सबसे ज्यादा गर्मी

प्रदेश में इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। 29 साल बाद शुक्रवार को तापमान 48 डिग्री के पार जा पहुंचा है। भिंड में अधिकतम तापमान 48.7 तो नौगांव में 48 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में भी तीन साल बाद मई में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचा है। यह स्थिति लगभग यहां तीन साल बाद बनी है। शुक्रवार को 20 से अधिक स्थानों पर लू की स्थिति रही। मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही बने रहने की संभावना है। इस बीच राहत की खबर है। नई दिल्ली में मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी बुलेटिन में संभावना जताई कि पूर्वी मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 15 मई को पहुंच सकता है। हालांकि देश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट पर समय से 4 दिन पहले पहुंच सकता है। सामान्यतया यह केरल तट पर 1 जून को पहुंचता है। मौसम विभाग का कहना है, अगले 4-5 दिन अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *