संत हिरदाराम इंस्टीट्यूट की लाइब्रेरी में आग, लाखों का सामान जलकर खाक
भोपाल
राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में लक्ष्मण नगर क्षेत्र स्थित संत हिरदाराम इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट की लाइब्रेरी में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। इसमें लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के दो दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
बताया जाता है कि आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी। लाइब्रेरी से आग की लपटें उठती देख चौकीदार ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही समय में नगर निगम की दो दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लाइब्रेरी में रखी गई पुस्तकें, 8 कंप्यूटर, फर्नीचर एवं फोटो कॉपी मशीन जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि दमकल कर्मियों ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया, इससे यह आगे नहीं फैल सकी। लाइब्रेरी के पास ही कई स्टडी रूम हैं, जिसमे फर्नीचर रखा था। प्रबंधन ने करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान व्यक्त किया है। आग का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
