बारातियों के स्वागत में परोसने के लिए हुआ था काले हिरण का शिकार

गुना
गुना के आरोन में शिकारियों और पुलिस से बीच हुई मुठभेड़ में नया खुलासा हुआ है। शिकारियों ने बारातियों के स्वागत के लिए काले हिरण और मोर का शिकार किया था। दरअसल, पुलिस फायरिंग में मारे गए नौशाद की भतीजी का आज निकाह था, जिसमें मेहमानों को मीट परोसा जाना था। उसी के लिए शिकारियों ने काले हिरणों का शिकार किया था। रात में इन्हें लाते समय उनकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें नौशाद नाम का आरोपी मारा गया। वहीं, तीन पुलिसकर्मी भी शहीद हो गए।

घटना शनिवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिकारी नौशाद मेवाती मारा गया। शहीद SI राजकुमार जाटव ने शहादत से पहले हाथ में गोली लगने के बाद भी कई राउंड फायर किए थे। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं बताई है, लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि पुलिस ने करीब 13 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, जंगल में बड़ी मुठभेड़ की खबर आ रही है।

हमलावरों से निपटने के लिए पुलिस को फ्री हैंड
घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। घटनास्थल पर देरी से पहुंचने पर ग्वालियर के IG अनिल शर्मा को हटा दिया गया है। मध्यप्रदेश सरकार ने तीनों पुलिसकर्मियों के परिवार को 1-1 करोड़ का मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपराधियों की पहचान हो गई है। पुलिस फोर्स को भेजा गया है। जवाबी एक्शन के लिए पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है। इसके बाद दोपहर में प्रशासन ने आरोपियों के घर को बुलडोजर से ढहा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *