बीते एक दशक बाद नवतपा से पूर्व मई माह सबसे गर्म

बड़वानी
 गर्मी के लिए मशहूर क्षेत्र अब अपनी तासिर पर लौट चुका है। बीते एक दशक बाद नवतपा से पूर्व मई माह सबसे गर्म रहा। इस दौरान बुधवार को दिन का तापमान रिकार्ड 46 डिग्री के पार पहुंच गया। तेज धूप, बादलों से उमस और गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन घरों में दुबका नजर आया। वैवाहिक आयोजनों के बावजूद दोपहर में बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार आगे तीन-चार दिन और राहत की उम्मीद नहीं है।

कृषि विज्ञान केंद्र में लगे स्वचलित मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेंट्रिग्रेट दर्ज किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दशक पूर्व क्षेत्र में अधिकतम तापमान 48 डिग्री तक दर्ज किया गया था। हालांकि इसको लेकर प्रशासनिक स्तर से कोई अधिकृत रिकार्ड नहीं है। वहीं शहर के एक निजी स्कूल से कुछ वर्षाें तक जो तापमान दर्ज किया जाता था, उसके अनुसार वर्ष 2013 में मई माह में रिकार्ड 46 से 47 डिग्री तक तापमान पहुंचा था। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र में वर्ष 2019 जून माह के बाद से रिकार्ड दर्ज है। वहां के अनुसार मई माह में वर्ष 2020 में सर्वाधिक 45, वर्ष 2021 में सर्वाधिक 44.5 डिग्री तक तापमान रहा।

24 घंटे में चार डिग्री लुढ़का रात का पारा

दिन में भीषण गर्मी के बावजूद रात्रि का पारा बीते 24 घंटे में एकाएक चार डिग्री तक लुढ़क गया है। मंगलवार को सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि बादलों की मौजूदगी व हवा चलने से रात्रि के अंतिम पहर में ठंडक होने से बुधवार को तापमान चार डिग्री लुढ़कर 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। अमूमन क्षेत्र में नवतपा के समय ही अधिक गर्मी बरसती हैं, लेकिन बीते वर्ष कम बारिश के चलते इस बार मार्च माह से ही गर्मी अपने तेवर पर बरकरार है। मार्च, अप्रैल के बाद मई के पहले पखवाड़े में तापमान रिकार्ड बना रहा है।

दो वर्ष बाद ठंडाई के बाजार में गर्मी

तापमान बढ़ने का असर जनजीवन पर नजर आने लगा है। भीषण गर्मी में बीते दो वर्षाें के बाद इस बार ठंडाई के बाजार में खासी गर्मी आई है। शहर की चौपाटी, चौक-चौराहों पर गन्ने की चर्खियां सतत चल रही है। नींबू पानी, कोल्ड्रिंग्स, पेय पदार्थ, कुल्फी आईसक्रीम सहित बोतल बंद पानी की मांग बढ़ गई है। बीते दो वर्ष लॉकडाउन के चलते मार्च से लेकर मई-जून तक बाजार पर ताला लगा होने से ग्राहकी नहीं हो सकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *