टी20 में पांच स्टंपिंग कर डी लीडे ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

 दुबई     

 

नीदरलैंड्स की विकेटकीपर बेबेट डी लीडे ने इतिहास रच दिया है. बेबेट टी20 क्रिकेट के किसी मुकाबले में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाली विकेटकीपर बन गई हैं. बेबेट ने  फेयरब्रेक आमंत्रण टूर्नामेंट में फाल्कन्स वुमन के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की. सैफायर्स वुमन के लिए खेल रही बेबेट डी लीडे ने उस मुकाबले में कुल पांच स्टंपिग की.

बेबेट डी लीडे ने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स, श्रीलंका की चमारी अटापट्टू, क्रिस्टीना गॉफ (जर्मनी), नन्नापत कोंचरोएनकाई (थाईलैंड) और जहांआरा आलम को स्टंपिंग आउट किया. इससे पहले मान्यता प्राप्त टी20  (पुरुष/महिला) क्रिकेट की एक पारी में काफी सारे विकेटकीपर ने चार स्टंपिंग किए थे, लेकिन किसी ने 5 आंकड़ा नहीं छूआ था.

टीम इंडिया एवं आरसीबी के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक, कामरान अकमल, टोनी फ्रॉस्ट, दिनेश रामदीन और धीमान घोष के नाम चार-चार स्टंपिंग दर्ज है. एमएस धोनी, ऋद्धिमान साहा जैसे प्लेयर्स के नाम पर 3-3 स्टंपिंग दर्ज हैं.

फालकन्स वूमेन की 30 रन से हार

मुकाबले की बात करें, तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सैफायर्स वुमन ने 20 ओवरों में तीन विकेट पर 152 रन बनाए. एलिस विलानी ने 71 और बेबेट डी लीडे ने 45 रनों का योगदान दिया. फालकन्स की ओर से चमारी अटापट्टू, एस टिप्पोच और मरीना लैम्पलो ने एक-एक विकेट चटकाए.

जवाब में फालकन्स वुमन की पूरी टीम 20 ओवरों में सात विकेट पर 122 रन ही बना सकी और उसे तीस रनों से हार का मुंह देखना पड़ा. टीम के चमारी अटापट्टू ने 30 और कप्तान सूजी बेट्स ने 25 रनों का योगदान दिया. सैफायर्स वुमन की ओर से सना मीर ने सबसे ज्यादा और चार और जेड एलन ने दो सफलताएं हासिल कीं.

फेयरब्रेक टूर्नामेंट आईसीसी द्वारा मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन एक से 15 मई तक दुबई में किया जा रहा है. इस टूर्नामेंट के जरिए आयरलैंड, नेपाल, थाईलैंड की वुमंस क्रिकेटर्स को कुछ जानी-पहचानी खिलाड़ियों के साथ भाग लेने का मौका मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *