ओबीसी आरक्षण पर आज जिलों में कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

भोपाल
कांग्रेस की युवा विंग गुरुवार को शिवराज सरकार के विरुद्ध युवा शंखनाद कार्यक्रम चला रही है। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से होने वाली भर्ती की गड़बड़ी को लेकर युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में गुरुवार को प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश युवा कांग्रेस ने राजधानी में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीबी श्रीनिवास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया शामिल हुए। युवा शंखनाद हल्ला बोल कार्यक्रम में प्रदेशभर के युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके पहले सभी कांग्रेसी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से व्यापमं चौराहे से होते हुए सीएम हाउस की ओर बढ़े। कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने एक हजार जवान तैनात किए हैं।

 ओबीसी आरक्षण न मिलने पर जिलों में सरकार का विरोध
पंचायतों और नगर निकाय चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिए बगैर चुनाव कराने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कांग्रेस भाजपा को घेरने में जुटी है। इसको लेकर कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के जरिये भाजपा और शिवराज सरकार पर आरोप लगोए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ द्वारा निकाय चुनाव में 27 प्रतिशत टिकट ओबीसी को देने के निर्णय के प्रति धन्यवाद भी जताया गया। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद ओबीसी आरक्षण को लेकर बनी स्थिति को लेकर कोर ग्रुप के साथ बुधवार को दो बार बैठक की। इसमें तय किया गया कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय किया जाए। साथ ही ओबीसी आरक्षण समाप्त होने के लिए जिम्मेदार भाजपा सरकार की असफलता को जनता के सामने लाया जाए। सभी कांग्रेस विधायकों से कहा गया है कि वे इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *