नेपाली दंपती ने लगाई फांसी डेढ़ साल का बच्चा शव के पास रोता मिला

सागर

गढ़ाकोटा में चायनीज फूड बेचने वाले नेपाली दंपती के शव किराए के कमरे में फंदे पर लटके मिले। मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। दूसरे दिन बुधवार सुबह तक पति-पत्नी कमरे के अंदर देखे गए। सुबह 8 बजे के बाद 4 घंटे तक रह-रहकर कमरे से उनके डेढ़ साल के बच्चे के रोने की आवाज आती रही। पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो महिला फंदे पर लटकी थी। बेटा मां के शव पर पैरों से लिपटकर रो रहा था। पति का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। दोनों ने साड़ी के टुकड़े से फांसी लगाई।

पुलिस के अनुसार नेपाल के अक्षम शहर के रहने वाले केसर साहूद (28), पत्नी पशुपति साहूद (24) गढ़ाकोटा के राम वार्ड में किराए से रह रहे थे। वे बस स्टैंड के पास मोमोज और चाऊमीन का ठेला लगाते थे। दंपती 6 महीने पहले ही गढ़ाकोटा आया था। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह 8 बजे पशुपति को दूध लेने जाते देखा था। इससे पहले रात में पति-पत्नी के बीच झगड़े की आवाज सुनी थी।

बच्चे को चाचा को सौंपा
केसर के शव पर सिर्फ अंडरवियर था। पशुपति के शरीर पर भी कम कपड़े थे। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतक का भाई सिद्धार्थ साहूद और जीजा भरत गढ़ाकोटा पहुंच गए। भाई और जीजा नरसिंहपुर जिले के करेली में रहते हैं। डेढ साल के बच्चे को पुलिस ने मृतक के भाई सिद्धार्थ को सौंप दिया है। बच्चा बार-बार मां को याद कर रो रहा है। उसे परिवार के लोग संभाल रहे हैं।

पहले पति, फिर पत्नी ने फांसी लगाई
दंपती के बीच रात को झगड़े के बाद से अनबन चल रही थी। बुधवार सुबह नहाते समय पति-पत्नी के बीच फिर से झगड़ा होने की आशंका है। पत्नी जब दूध लेने गई, तभी बाथरूम में पति ने फांसी लगा ली। इसके बाद पत्नी फंदे पर झूल गई। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि दोनों के शरीर पर आधे कपड़े क्यों थे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *