आर्थिक बदहाली से जूझ रहा पाकिस्तान, भारत के साथ करना चाहता है व्यापार? दी सफाई

इस्लामाबाद

पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद इस्लामाबाद ने मंगलवार को नई दिल्ली में एक व्यापार मंत्री की नियुक्ति को मंजूरी दे दी। बता दें कि 2019 के अंत में जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व में पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी व्यापार समाप्त कर दिए थे। लेकिन अब पाकिस्तान का यह यह ताजा कदम भारत के साथ व्यापार बहाल करने के लिए गठबंधन सरकार के झुकाव का संकेत देता है।
खबरें हैं कि भारत के साथ व्यापार को दोबारा शुरू करने के लिए नई दिल्ली में कमर जमान को नया व्यापार मंत्री नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान भारत के साथ व्यापार शुरू करने के खिलाफ थे।

क्या बोला पाकिस्तान
पाकिस्तान ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में ‘व्यापार प्रतिनिधि’ की नियुक्ति को नियमित प्रक्रिया बताते हुए बुधवार को कहा भारत के साथ व्यापार को लेकर उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मीडिया में आयी खबरों में मंगलवार को कहा गया था कि कमर जमां को नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में पाकिस्तान का ‘व्यापार प्रतिनिधि’ बनाया गया है। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार संबंध बहाल होने की अटकलों को बल मिला था।

पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी करके कहा, "वाणिज्य मंत्रालय 46 देशों में 57 व्यापार मिशन का प्रबंधन करता है जिसमें नयी दिल्ली में व्यापार प्रतिनिधि (व्यापार एवं निवेश) का पद शामिल है।” मंत्रालय ने साफ किया, “भारत के साथ व्यापार पर पाकिस्तान की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *