सूफा आतंकियों की भी जांच करेगी NIA, रतलाम में तैयार हुआ था संगठन
भोपाल
राजस्थान की राजधानी जयपुर को दहलाने की साजिश रचने वाले सूफा आतंकियों के मामले की जांच अब एनआईए करेगी। यह पूरा संगठन मध्य प्रदेश के रतलाम में तैयार हुआ है। अब तक इसके जितने भी सदस्य पकड़ाये हैं सभी रतलाम के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ राजस्थान एटीएस ने प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की थी। इस मामले में राजस्थान एटीएस ने 6 आतंकियों को पकड़ा था। इससे पहले भोपाल में पकड़ाए जमात ए मुजाहिद्दीन बांग्लादेश (जेएमबी) के मामले को भी प्रदेश एटीएस से एनआईए ने ले लिया था।
प्रदेश से जुड़े तो आंतकियों संगठनों पर हुई कार्यवाही के मामलों की आगे की जांच अब एनआईए करेगी। एनआईए की टीम ने रतलाम से जुड़े सूफा आतंकियों के संगठन वाले केस को भी जांच के लिए ले लिया है। जांच में लेने के बाद दो दिन पहले एनआईए की टीम रतलाम भी पहुंची थी। जिसमें उसने सभी 6 आरोपियों के घर और उनके ठिकानों पर पहुंची। इसके अलावा स्थानीय पुलिस से भी एनआईए ने इसके पूरे नेटवर्क और इस संगठन से जुड़े लोगों के बारे में विस्तार से बात की। ऐसा माना जा रहा है कि एनआईए इस संगठन से जुड़े और लोगों की रतलाम में तलाश कर उन्हें हिरासत में ले सकती है। गौरतलब है कि मार्च में राजस्थान पुलिस ने अल्तमस, सैफुल्ला और जुबेर को 12 किलो आरडीएक्स के साथ गिरफ्तार किया है। ये जयपुर में सिरियल ब्लास्ट करने की साजिश रच रहे थे।
लगातार सक्रिय है सूफा
सूफा गिरोह सबसे पहले रतलाम में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की हत्या कर चर्चित हुआ था। इसके बाद शहर में कर्फ्यू भी लगा था। इसके बाद इस पर एनआईए भी नजर रखने लगी थी, वर्ष 2015 में एनआईए ने यहां पर छापा डालकर 6 लोगों को हिरासत में लेकर इनके पास से आपत्तिजनक साहित्य और देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए थे। इसके बाद 2017 में सूफा के लोगों ने तरुण सांखला सहित दो लोगों की हत्या की थी। बताया जाता है कि इस संगठन से युवा तेजी से जुड़ते रहे। ऐसा माना जा रहा है कि रतलाम जिले में इस संगठन से 60-70 युवा जुड़े हुए हैं।
