इसी महीने जारी होगी राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव की अधिसूचना
भोपाल
राज्यसभा के लिए मध्य प्रदेश की तीन सीटों को लेकर होने वाले चुनाव की अधिसूचना इसी महीने जारी होगी। अभी तीन सीटों में से दो सदस्य भाजपा के हैं, जबकि एक सदस्य कांग्रेस से हैं। इन तीनों का कार्यकाल 29 जून को पूरा हो रहा है। भाजपा अपने दो सदस्यों को राज्यसभा में भेज सकती है, जबकि कांग्रेस एक को राज्यसभा भेज सकेगी।
इन चुनावों को लेकर दोनों ही दलों में तैयारियां तेज हो गई है। कांग्रेस में एक सीट के लिए कई नामों की चर्चा चल रही है। अभी कांग्रेस की ओर से विवेक तन्खा राज्यसभा सदस्य हैं। उन्हें फिर से राज्यसभा में भेजे जाने की चर्चा तेज हैं, वहीं कुछ नेता चाहते हैं कि इस बार प्रदेश कांग्रेस अपने संगठन से किसी ऐसे नेता को राज्यसभा में भेजे, जिन्हें अब तक न लोकसभा का टिकट मिला न ही विधानसभा का टिकट पार्टी दे सकी। इसे लेकर संगठन के कुछ लोग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से चर्चा कर चुके हैं। इधर भाजपा के एमजे अकबर और सम्पतिया उइके का कार्यकाल भी 29 जून को पूरा हो रहा है। यह तय माना जा रहा है एमजे अकबर को भाजपा अब राज्यसभा में नहीं भेजेगी ।
भाजपा के राष्टÑीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा एससी मोर्चा के राष्टÑीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री कविता पाटीदार और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नाम मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजे जाने को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक चर्चा चल रही है।
