IAS पूजा सिंघल को मनरेगा घोटाले में कैसे मिली थी राहत, अब ईडी करेगी जांच
रांची
झारखंड के खूंटी और चतरा में डीसी रहते हुए पूजा सिंघल के कार्यकाल में मनरेगा घोटाले को लेकर ईडी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मनरेगा घोटाले में सरकार ने एसीबी से जांच का आदेश दिया था। लेकिन इस मामले में एसीबी को जांच का आदेश नहीं मिला, ऐसे में इन मामलों की जांच एसीबी ने नहीं की। ईडी अब यह पड़ताल कर रही है कि वो कौन लोग थे, जिन्होंने एसीबी तक जांच पहुंचने ही नहीं दिया। मनरेगा घोटाले व उनसे जुड़ी तमाम फाइलों का ईडी अध्ययन कर रही है। इन मामलों में जांच का दायरा बढ़ सकता है। गौरतलब है कि मनरेगा घोटाले में कमीश्नर रैंक के अधिकारियों ने तत्कालीन डीसी के खिलाफ रिपोर्ट किया था। लेकिन उन रिपोर्ट्स पर कभी कार्रवाई नहीं हुई।
डीएमओ व खान विभाग के अफसर भी रडार पर
मनरेगा घोटाले में जांच कर रही ईडी को पैसों के स्रोत के संबंध में कई तरह की जानकारियां मिली है। ईडी को जानकारी मिली है कि खान सचिव पूजा सिंघल के द्वारा डीएमओ रैंक के कई अफसरों को संरक्षण दिया जाता था। कई जिलों में पदस्थापित डीएमओ रैंक के अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था। ईडी के अधिकारियों को जानकारी मिली है कि डीएमओ रैंक के अधिकारी भारी भरकम रकम रांची तक पहुंचाते थे। आशंका जतायी जा रही है कि उगाही का बड़ा हिस्सा ही सीए सुमन कुमार के फ्लैट से बरामद की गई है। जानकारी मिली है कि पलामू में एक अधिकारी को तबादले के बाद भी डिप्टी डायरेक्टर माइंस के पद पर बनाए रखा गया है। वहीं मासिक तौर भी भारी-भरकम वसूली की सूचना मिली है।
मंगलवार को ईडी कार्यालय में जब अभिषेक व सुमन कुमार से पूछताछ की जा रही थी, तब उनके रिश्तेदार भी वहां पहुंचे थे। अभिषेक के रिश्तेदार बिहार नंबर की कार से मौके पर पहुंचे थे। हालांकि मीडिया से बचते-बचाते वह वापस लौट गई। वहीं सुमन के घर से दो महिलाएं इजाजत लेकर मुलाकात करने आयी थीं। जानकारी के मुताबिक, महिलाएं उसके लिए घर का खाना लेकर आयी थीं। मुलाकात के बाद दोनों वापस लौट गईं।
ईडी के सामने सुमन नहीं खोल रहा पैसों का राज
ईडी की पूछताछ के दौरान सीए सुमन कुमार 19.31 करोड़ के संबंध में कोई खास जानकारी नहीं दे रहा है। सुमन कुमार के द्वारा बार-बार बयान भी बदला जा रहा है। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, सुमन के खिलाफ मनी लाउंड्रिंग के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ हो रही है। पूछताछ के दौरान अभिषेक झा भी ईडी के सवालों में उलझे रहे। ईडी के सवालों का उन्होंने खुलकर जवाब नहीं दिया। ईडी कभी भी इस मामले में अभिषेक झा को गिरफ्तार कर सकती है। वहीं, ईडी को यह साक्ष्य मिले हैं कि पूजा सिंघल ने अपने बैंक खातों से कई बार सुमन के बैंक खाते में लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन किया है। पूजा सिंघल से इस संबंध में ईडी मंगलवार को पूछताछ करेगी
