बड़वानी में तीर्थ यात्रियों से भरी बस पलटी, 7 घायल
बड़वानी
शहर के समीप खंडवा-बड़ौदा मार्ग स्थित बायपास पर रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे सड़क दुर्घटना हो गई। खरगोन से द्वारका (गुजरात) जा रही तीर्थ यात्रियों की बस असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में सात यात्री घायल हुए हैं। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों और पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बस में 18 यात्री सवार थे।
कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, बैंक अधिकारी की मौत
जुलवानिया। जुलवानिया से करीब 10 किमी दूर एबी रोड फोरलेन पर ठान-बकवाड़ी के फाटे पर रविवार को अज्ञात वाहन ने महाराष्ट्र की ओर से आ रही कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार में सवार रविकांत निवासी न्यू पनवेल महाराष्ट्र की मौके पर ही मौत हो गई। रविकांत नासिक में आइडीबीआइ बैंक के वरिष्ठ अधिकारी थे। इनके साथ ही उनके रिश्तेदार दुर्गेश सूर्यवंशी भी घायल हुए। उनका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
