जोस बटलर अब भी नंबर वन, टॉप-5 में शिखर धवन और केएल राहुल को चुनौती दे रहे अभिषेक शर्मा
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए लीग के 49वें मुकाबले के बाद भी ऑरेंज कैप की लिस्ट (IPL 2022 Orange Cap) में टॉप-5 में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। आईपीएल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर टॉप पर हैं। उन्होंने 10 मैचों में 588 रन बनाए हैं। वह इस सीजन तीन शतक और तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल 351 रनों के साथ दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शिखर धवन भी तीसरे नंबर पर कायम हैं। शिखर 10 मैचों में 369 रन बना चुके हैं। उनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 9 मैचों में 324 रन बनाकर चौथे स्थान पर हैं। श्रेयस अय्यर के नाम 10 मैचों में 324 रन हैं और वह भी टॉप-5 में बने हुए हैं। पंजाब किंग्स के विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टन अब टॉप-10 से बाहर हो गए हैं।
