पेयजल की समस्या संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण करें – कलेक्टर शर्मा

आगर मालवा
जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारू रहे, नगरीय निकाय एवं पीएचई विभाग पेयजल समस्या संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर उन्हें गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौका मुआयना कर लोगों की पेयजल संबंधी समस्याओं का निराकरण करें। यह निर्देश कलेक्टर अवधेश शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट न गहराए ं, इसके लिए पीएचई विभाग कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों को पूरी प्राथमिकता दें, गांव में जो हैंडपंप व शासकीय नलकूप बंद अवस्था में उन्हें चालू करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सुशासन सेक्टर अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान गांव में पेयजल उपलब्धता के बारे में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त करें, यदि पेयजल संबंधी कोई समस्या है तो उसका विभाग के माध्यम से तत्काल निराकरण करवाएं। साथ ही गांव में पेयजल के स्त्रोत यथा हैंडपंप, नलकूप आदि की चालू व बंद होने की स्थिति की जानकारी लेकर विभाग को दें। उन्होंने विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि पानी की कमी वाले रेड झोन में आने वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर, वहां पेयजल की व्यवस्था करवाएं तथा विभाग के पास पर्याप्त संसाधन की व्यवस्था रखी जाए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत डीएस रणदा,एसडीएम आगर राजेंद्र सिंह रघुवंशी, एसडीएम सुसनेर सोहन कनाश, सहित समस्त विभाग प्रमुख, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार की उपस्थिति रही।

कलेक्टर ने जलाभिषेक अभियान के अंतर्गत शुरू हुए जिले में अमृत सरोवर के कार्यों की कार्यवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यों को 15 मई तक अनिवार्यतः पूर्ण करवाएं। नियुक्त नोडल अधिकारी प्रतिदिन कार्य में प्रगति की जानकारी से अवगत कराएं। सुशासन सेक्टरों को भी निर्देश दिए कि अपने भ्रमण के दौरान कार्यों का जायजा लें, कार्यों में किसी प्रकार की कमी पेशी हो तो संबंधित जनपद सीईओ को अवगत कराते हुए दूर करवाएं। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि पुष्कर धरोवर योजना के अंतर्गत तालाब जीर्णोद्धार, स्टॉप डेम, चेक डैम मरम्मत कार्य आदि के प्रस्ताव तैयार कर तत्काल भेजे जाएं, ताकि बारिश से पूर्व कार्य पूर्ण करवाया जा सकें।

       कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की लंबित शिकायतो की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि अपने विभागों की शिकायतों का निराकरण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ करते हुए पोर्टल से हटवाए। जिन विभागों की शिकायतें अत्यधिक लंबित है वह सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शिकायतों का निराकरण करें। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधी शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। शिकायतों के निराकरण में सीईओ जिला पंचायत का मार्गदर्शन लेते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर बंद करवाएं। कलेक्टर ने बैठक में मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा करते हुए विभाग प्रमुख को निर्देश दिए कि शासन द्वारा मत्स्य पालकों के हित में संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए उन्हें लाभान्वित करें। मत्स्य पालकों को मछुआरा क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ देने हेतु उनके प्रकरण तैयार किए जाए। उन्होंने शासन की स्व-रोजगार योजनाओं में ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना, प्रधानमंत्री समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना आदि में हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कर उन्हें बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण करवाएं। स्वरोजगार योजना से जुड़े विभाग एवं बैंकर्स एक-दूसरे से तालमेल स्थापित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को शासन की योजना में लाभान्वित करें, ताकि वह स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।

      कलेक्टर ने आयुष्मान भारत निरामय मध्य प्रदेश योजना की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ एवं सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि जिले में जो पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड बनाने से वंचित है उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए। पात्र गर्भवती महिलाओं के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाएं ताकि आवश्यकता पड़ने पर शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्डधारी व्यक्ति जो गंभीर बीमारी से ग्रसित है उनका उपचार चिन्हित अस्पतालों में करवाएं। गरीब व्यक्ति को धन के अभाव में उपचार के लिए परेशान ना होना पड़े, इसके लिए मैदानी अमले के माध्यम से गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर आयुष्मान योजना में उपचार करवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कितने परिवारों के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बने और कितने शेष है तथा अब तक योजना में उपचार करवाने वाले की जानकारी भी अधिकारियों से ली। कलेक्टर ने सभी एसडीएम तहसीलदार एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस एवं प्रशासन एक दूसरे के समन्वय से कार्य करे। त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में ना बख्शा जाए, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी निरंतर क्षेत्रों का भ्रमण कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाएं रखने का कार्य करें।

       कलेक्टर ने लेबर विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत सभी श्रमिकों का पंजीयन करवाएं, इस कार्य में पंचायत विभाग का सहयोग लेकर पूर्ण करें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि विभाग अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करवाएं, सभी निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किया जाए, गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता ना हो, गुणवत्ताहीन कार्य दृष्टिगत होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण से मुक्त करवाई गई शासकीय जमीनों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए आवंटित करने की कार्रवाई करें। उन्होंने 7 मई को सभी राशन दुकानों पर अन्न उत्सव के तहत पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण कराने के निर्देश खाद्य विभाग के अधिकारी को दिए।

       कलेक्टर ने सभी मंडी सचिवों को निर्देशित किया कि मंडी प्रांगण में अपनी उपज का विक्रय करने वाले किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसानों को गर्मी के मौसम में पेयजल एवं छांव के लिए परेशान ना होना पड़े, पर्याप्त मात्रा में ठण्डे पेयजल की व्यवस्था सभी मंडी प्रांगणों में रखी जाए। उन्होंने रबी उपार्जन के कार्यों की समीक्षा करते हुए किसानों को समय-सीमा में उनकी उपज का भुगतान करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *