अप्रैल की गर्मी ने तोड़ा 122 वर्ष का रिकॉर्ड, मई में भी राहत के आसार नहीं

 नई दिल्ली।
 
इस साल मई-जून की गर्मी मार्च-अप्रैल में ही आ गई और यह सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है। आसमान से बरसती आग बदन झुलसा रही है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एम मोहपात्रा ने कहा कि अप्रैल में गर्म हवाओं के कारण देश के मध्य व उत्तर पश्चिमी हिस्सों में दर्ज तापमान पिछले 122 सालों में सबसे अधिक रहा। उत्तर पश्चिम हिस्से में औसत अधिकतम तापमान 35.90 और मध्य में 37.78 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, मार्च और अप्रैल में मध्य हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहा। दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इससे पहले मार्च 2022 देश के साथ-साथ उत्तर पश्चिम भारत के लिए 122 वर्षों में सबसे गर्म था।

मई में भी भीषण गर्मी के आसार
उत्तर पश्चिमी राज्यों, पश्चिम मध्य तथा उत्तर-पूर्व भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई में पारा सामान्य से अधिक जबकि शेष में सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह अनुमान जारी किया है। यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड में अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। यानी रात में भी गर्म हवाओं का प्रकोप रह सकता है। देश के अधिकतर हिस्सों में मई में सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार हैं। जबकि उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों के साथ सुदूर पूर्वी दक्षिण प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *