पीसी ज्वेलर्स के शोरूम लगी आग लाखों का माल जला

भोपाल
जवाहर चौक स्थित पीसी ज्वेलर्स के शोरूम में रात आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सुबह दी थी। तब तक शोरूम का काफी सामान जल चुका था। बिल्‍डिंग में दूसरी मंजिल में शोरुम होने की वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि दो घंटे की मेहनत के बाद छह दमकलों की मदद से अग्निशमन अमले ने इस आग पर काबू पा लिया।

नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी रामेश्वर नील ने बताया कि सुबह छह बजे आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी। इसके बाद मौके पर तत्काल फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाने व न्यूमार्केट से छह फायर फाइटर व वाटर टैंकर रवाना किए गए। जिस समय आग लगी, उस समय शोरुम बंद था। आसपास के रहवासियों ने आग की लपटें देखकर फायर ब्रिगेड और ज्‍वेलरी शोरूम संचालक को सूचना दी गई। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक शोरूम का एसी व फर्नीचर समेत अन्य सामान जल चुका था। दूसरी मंजिल में शोरूम के अंदर तक आग बुझाने के लिए रास्ता भी नहीं मिल रहा था। ऐसे में फायर कर्मियों ने कांच तोड़कर आग बुझाई। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि अब तक आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *