शिवपाल यादव ने दिए आजम खान के साथ नया मोर्चा बनाने के संकेत, ईद के बाद होगी चर्चा

लखनऊ
 
उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव ने सपा नेता और रामपुर विधायक आजम खान के साथ तीसरा मोर्चा तैयार करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि खान के जेल से बाहर आने के बाद इसपर फैसला लिया जाएगा। खास बात है कि शिवपाल और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बीच तनाव जारी है। वहीं, अब अखिलेश और आजम के बीच भी खटास की खबरें सामने आ रही हैं।

खान के साथ नए मोर्चे को लेकर शिवपाल ने कहा, 'इसे लेकर सही समय पर फैसला लिया जाएगा… जब वह जेल से बाहर आ जाएंगे।' उन्होंने कहा कि वह ईद के बाद पार्टी नेताओं से इस मुद्दे पर बात करेंगे। इधर, सुप्रीम कोर्ट में 2 मई को खान की जमानत याचिका पेश हो सकती है। रामपुर सदर से 10 बार के विधायक खान कई मामलों में बीते दो सालों से सीतापुर जेल में हैं।

एक पंप का उद्घाटन करने पहुंचे शिवपाल ने भाजपा में शामिल नहीं होने की बात दोहराई। खास बात है कि इससे पहले भी भाजपा में शामिल होने को लेकर अखिलेश की तरफ से दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने सपा सुप्रीमो को विधायक दल से निकाले जाने के लिए चुनौती दी थी।
 
उन्होंने कहा था, 'उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का लोगों के हितों के लिए संघर्ष का नजरिया आज कही नहीं दिख रहा है।' मार्च में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में शिवपाल ने सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। आजम खान को लेकर उन्होंने कहा कि रामपुर विधायक को 'छोटे मामलों' में परेशान किया जा रहा है। खान ने रामपुर सदर सीट से विधायक का चुनाव जीतने के बाद रामपुर सांसद का पद छोड़ दिया था।

शिवपाल ने कहा, 'अगर मुलायम सिंह यादव लोकसभा के सामने आजम खान के मुद्दे को लेकर बैठते तो नेता जी के प्रति सम्मान रखने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहानुभूति के साथ उन्हें सुना होता।'

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *