प्रदेश भाजपा के जल्द होंगी पदाधिकारियों की नियुक्तियां

भोपाल
प्रदेश में चुनावी मोड में आ चुकी बीजेपी में प्रदेश संगठन महामंत्री के बदलाव के बाद अब तीन नए सह संगठन मंत्रियों की तैनाती जल्द की जाएगी। इन महामंत्रियों की तैनाती को अंतिम रूप नागपुर में संघ पदाधिकारियों और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की बैठक के बाद दिया जाएगा। संगठन चाहता है कि इन पदों पर जल्द संघ के पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी जाए ताकि ये क्षेत्रीयता के हिसाब से अपने को संघ और संगठन के ढांचे में फिट कर काम कर सकें।

भाजपा में संघ के महाकौशल, मध्य भारत और मालवा प्रांत की तर्ज पर सह संगठन मंत्रियों की तैनाती की जानी है। इसे पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व सहमति दे चुका है लेकिन अभी तक इन पदों पर किसी को जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। करीब छह साल तक प्रदेश संगठन महामंत्री की सफल जिम्मेदारी निभाने के बाद संघ के बौद्धिक वर्ग में भेजे गए सुहास भगत के स्थान पर पार्टी ने प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को प्रमोट कर प्रदेश संगठन महामंत्री बना दिया है। इसके बाद प्रदेश सह संगठन महामंत्री का पद रिक्त है। इसके साथ ही महाकौशल, मालवा और मध्यभारत क्षेत्र के बनने वाले तीन नए सह संगठन मंत्रियों की तैनाती की भी जरूरत संगठन महसूस कर रहा है क्योंकि अब मध्यप्रदेश में चुनाव के लिए 18 माह का ही समय बचा है और संगठन स्तर पर जमावट के लिए इन पदाधिकारियों की भूमिका पार्टी में महत्वपूर्ण होती है। सूत्रों का कहना है कि अब भाजपा में इन नए पदों की जिम्मेदारी तय करने का काम नागपुर में होगा। वहां अगले माह संघ के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष बैठक कर इन नामों को फाइनल कराएंगे और उसके बाद संघ की हरी झंडी पर नियुक्तियां की जाएंगी।

प्रदेश संगठन मंत्री को देंगे अपनी रिपोर्ट
ये सह संगठन मंत्री अपने क्षेत्र के जिलों में जिला अध्यक्षों और मंडलों की कार्यशैली को संगठन की इच्छा के मुताबिक संचालित कराने के लिए काम करेंगे और प्रदेश संगठन महामंत्री को रिपोर्ट करेंगे। गौरतलब है कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के दौर में तीस से बत्तीस सहायक संगठन मंत्री भी जिलों में काम करते थे लेकिन झा के हटने के बाद इन पदों को समाप्त कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *