प्रेमी को लड़की ने फोन करके घर बुलाया और फिर हुआ खौफनाक अंजाम

सारण
उस दिन भी जब फोन की घंटी बजी तो प्रेमिका का नंबर देख वह बहुत खुश हुआ। फोन पर आवाज आई कि मिलने के लिए घर आओ और वह खुशी-खुशी चल दिया। क्या पता था कि वह प्रेमिका के घर नहीं जा रहा है, बल्कि उसने अपनी अंतिम यात्रा की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। बिहार के सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में रहने वाला 19 साल का उमेश जाल में फंस चुका था, जो उसकी प्रेमिका के घरवालों ने बिछाया था। इस जाल में वह ऐसा फंसा की जान चली गई। लाठी-डंडों से जमकर पिटाई के बाद युवक ने गुरुवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पानापुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी उमेश राम के 19 वर्षीय पुत्र राजेन्द्र कुमार राम का प्रेम प्रसंग अपने ही गांव के एक युवती से चल रहा था। इसकी जानकारी जब युवती के परिजनों को मिली तो उन्होंने युवती पर दबाव बनाकर कहा कि फोन करके प्रेमी को बुलाओ।

घरवालों के डर से लड़की ने ऐसा ही किया। इसके बाद उन्होंने युवक को घर में बंद कर लाठी-डंडे से पीट कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। जिसकी सूचना मिलने पर राजेंद्र कुमार राम के परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा और बाद में पटना भेजा दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि पटना में इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *