“फसल बीमा पाठशाला का अधिक से अधिक लाभ लें किसान : कृषि मंत्री पटेल

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा "किसान भागीदारी-प्राथमिकता हमारी'' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत फसल बीमा पाठशाला कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा किया जायेगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि बुधवार 27 अप्रैल को आयोजित उक्त कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसान सम्मिलित होकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी से लाभान्वित हों।

मंत्री पटेल ने बताया कि "फसल बीमा पाठशाला'' में खरीफ-2022 में अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने के लिये किसानों को टिप्स दिये जायेंगे और उनकी शंकाओं का समाधान किया जायेगा। फसल बीमा योजना का महत्व समझाने के साथ योजना में लाभ लेने, नामांकन करने के तरीके और रिस्क कवर की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शिकायतों का निराकरण भी किया जायेगा।

केन्द्रीय मंत्री तोमर किसानों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषि मंत्री कमल पटेल कृषकों से चर्चा करेंगे। इसके बाद फसल बीमा पाठशाला का आयोजन होगा, जिसमें किसानों को खेती-किसानी संबंधी आवश्यक जानकारियाँ प्रदान की जायेंगी। मंत्री पटेल ने बताया कि पाठशाला में 313 विकासखण्डों में प्रत्येक स्थान पर 100 कृषक जुड़ेंगे। साथ ही राज्य के 30 हजार कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी) पर औसतन 25 कृषक प्रति सीएससी जुड़ेंगे। इस प्रकार लगभग 7 लाख 50 हजार कृषक फसल बीमा पाठशाला में सहभागिता करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *