विश्व बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने प्रबंध संचालक श्रीवास्तव से की भेंट

भोपाल

विश्व बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के आयुक्त सह प्रबंध संचालक निकुंज श्रीवास्तव से भेंट की। प्रतिनिधि मंडल में रघु केशवन, डी.एम. मोहन और रिद्यीमन शाह शामिल थे।

प्रबंध संचालक ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि विश्व बैंक सहायतित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को जानकारी दी की विश्व बैंक सहायतित धरमपुरी सीवरेज परियोजना में धरमपुरी को वॉटर प्लस नगर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह विश्व बैंक के लिए भी प्रतिष्ठा का विषय रहेगा। इस दौरान अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्रीमती रूचिका चौहान और प्रमुख अभियंता दीपक रत्नावत उपस्थित रहे।

विश्व बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के मुख्यालय में प्रेजेन्टेशन के माध्यम से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उल्लेखनीय है विश्व बैंक की सहायता से प्रदेश के 7 निकायों में सीवरेज परियोजना और 3 निकायों में जल-प्रदाय परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। विश्व बैंक का दल 28 अप्रैल तक परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *