ऊर्जा स्त्रोतों का उपयोग कर सुनिश्चित करें पर्याप्त विद्युत आपूर्ति – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। आज मंत्रालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री चौहान ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों के लिए बिना बाधा के विद्युत आपूर्ति मिलती रहे। ऊर्जा स्त्रोतों का उपयोग कर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रदेश में विद्युत की मांग और आपूर्ति पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पारम्परिक ऊर्जा उत्पादन के साथ नवकरणीय ऊर्जा के साधनों का उपयोग किया जाए। शासकीय कार्यालयों में रूफ टॉप संयंत्र स्थापित करने के अभियान को संचालित किया जाए। अनेक भवन सौर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। इस कार्य का विस्तार किया जाए। आमजन भी बिजली के बचत के साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रयत्नशील रहें। घरों में सौर ऊर्जा से उपकरणों के संचालन और नियमित विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक संयंत्र स्थापना के कार्य तकनीकी मार्गदर्शन में किए जाएं। इसके लिए विभाग नागरिकों को प्रोत्साहित भी करें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्त्रोतों जैसे– जल विद्युत, पवन ऊर्जा के प्रयोग को भी बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों में कुसुम योजना-ए के क्रियान्वयन की भी जानकारी प्राप्त की।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *