UP: शांति से अजान और जय हनुमान, जौनपुर में मंदिर-मस्जिद से उतारे गए लाउडस्पीकर

जौनपुर
उत्‍तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के आदेश और इस सम्‍बन्‍ध में गाइडलाइन होने के बाद जौनपुर में शांति से अजान और जय हनुमान का इंतजाम करने में लोग खुद जुट गए हैं। लोगों की पहल से पिछले तीन दिन से जिले के मंदिरों और मस्जिदों से लाउडस्‍पीकर उतारे जा रहे हैं। पुलिस भी कार्रवाई में जुटी है।  अब तक अटाला, शाहीपुल समेत करीब एक दर्जन मस्जिदों और मंदिरों से लाउडस्‍पीकर उतारे जा चुके हैं। जहां चार या अधिक लाउडस्‍पीकर लगे थे वहां लोगों ने खुद ही पहल करके दो लाउडस्‍पीकर कम कर लिए। कई स्‍थनों पर लगे लाउडस्‍पीकरों की आवाज धीमी की गई। पिछले दो दिन से जौनपुर में सीओ सिटी की अगुवाई में भी कार्रवाई चल रही है।

एसपी सिटी ने धर्मगुरुओं के साथ की बैठक
आने वाले त्‍योहारों पर शांति व्‍यवस्‍था कायम रखने के मद्देनजर जौनपुर में एसपी सिटी ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। बैठक में सभी धर्म के लोगों से त्‍योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने की अपील की गई।  

लाउडस्‍पीकरों को लेकर योगी सरकार ने दिया है ये आदेश
योगी सरकार ने धार्मिक स्‍थलों पर माइक की आवाज को परिसर तक ही रखने का आदेश दिया है। सीएम योगी ने कहा है कि अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार सभी को अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। माइक का प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित हो कि माइक की आवाज धार्मिक परिसर से बाहर नहीं आनी चाहिए। जिससे अन्य लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। यही नहीं योगी के आदेश में कहा गया है कि नए स्थलों पर माइक लगाने की अनुमति न दें।

यूपी में 4 मई तक रद्द कर दी गई हैं पुलिसकर्मियों की छुट्टियां
त्योहार और सतर्कता के मद्देनजर यूपी में पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां चार मई तक के लिए रद्द कर दी गई हैं। पिछले दिनों सीएम योगी आदित्‍यनाथ के निर्देश पर चीफ सेक्रेटरी ने इस सम्‍बन्‍ध में आदेश जारी किए थे। जो अधिकारी पहले से अवकाश पर हैं उन्‍हें भी वापस बुला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *