अजा मोर्चा गिनाएगा सरकार की योजनाओं के लाभ

ग्वालियर
भारतीय जनता पार्टी का अनुसूचित जाति मोर्चा पूरे प्रदेश में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए हितग्राहियों के घर तक दस्तक देगा। इसको लेकर मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आज दिन भर लंबा मंथन चला। इस अवसर पर अजा मोर्चा द्वारा साल भर चलाए जाने वाले कार्यक्रमों का कैलेण्डर भी प्रस्तुत किया गया।

सीपी कॉलोनी स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित इस बैठक में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य एवं पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं सहित प्रदेश की शिवराज सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का डाटा प्रस्तुत करते हुए मोर्चा कार्यकर्ताओं को इस संबंध में सारी जानकारी अनूसूचित जाति वर्ग के लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने का आव्हान किया गया।  

बैठक से पहले आयोजन स्थल पर ही सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात का सीधा प्रसारण सुना। इसके बाद मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों एवं पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों में मोर्चा की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंह केसरी, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भोला सिंह, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व मोर्चा के प्रदेश प्रभारी पंकज जोशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष चिंतामणि मालवीय सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, स्थाई आमंत्रित सदस्य व विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *