गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता को दिया 157 का टारगेट
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में 23 अप्रैल (शनिवार) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटन्स (GT) की टीमें आमने-सामने हैं. मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में टीम इंडिया के दो युवा सितारों में महाजंग हो रही है.
कप्तान हार्दिक पंड्या की शानदार पारी के दमपर गुजरात टाइटन्स ने 156 का स्कोर बनाया है. कोलकाता के लिए आखिरी ओवर में आंद्रे रसेल ने चार विकेट झटके और गुजरात टाइटन्स की कमर तोड़ दी.
गुजरात टाइटन्स की पारी (156/9, 20 ओवर)
गुजरात टाइटन्स को इस मैच में शुरुआत भले ही बेहतरीन नहीं मिली, लेकिन कप्तान हार्दिक पंड्या की प्लेइंग-11 में वापसी का ज़बरदस्त फायदा हुआ. शुभमन गिल के आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए और अपनी टीम की नैया पार लगा दी. हार्दिक पंड्या ने 67 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.
ऋद्धिमान साहा (25 रन) और डेविड मिलर (27 रन) ने हार्दिक पंड्या का साथ निभाया, लेकिन दोनों बड़ा स्कोर नहीं बना पाए और अपना विकेट गंवा बैठे. कोलकाता के लिए आखिरी ओवर में आंद्रे रसेल ने कमाल कर दिया, उन्होंने 20वें ओवर में कुल चार विकेट लिए. यह उनका इस पारी में डाला गया इकलौता ओवर था.
पहला विकेट- शुभमन गिल 7 रन, (8/1)
दूसरा विकेट- ऋद्धिमान साहा 25 रन, (83/2)
तीसरा विकेट- डेविड मिलर 27 रन, (133/3)
चौथा विकेट- हार्दिक पंड्या 67 रन, (138/4)
पांचवां विकेट- राशिद खान 0 रन, (140/5)
छठा विकेट- अभिनव मनोहर 2 रन, (151/6)
सातवां विकेट- लॉकी फर्ग्युसन 0 रन, (151/7)
आठवां विकेट- राहुल तेवतिया 17 रन, (156/8)
नौवां विकेट- यश दयाल 0 रन, (156/9)
गुजरात टाइटन्स ने इस मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है. गुजरात टाइटन्स के कप्तान हार्दिक पंड्या की टीम में वापसी हुई है, जबकि विजय शंकर को प्लेइंग-11 से बाहर किया गया है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में 3 बदलाव किए हैं.
