केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरने कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर बनाई रणनीति
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस की सोशल मीडिया विंग के प्रदेश पदाधिकारियों के सम्मेलन में पीसीसी चीफ ने सभी को सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा एक्टिव रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ही अब राजनीति की दिशा तय कर रही है। इसलिए इस पर सच्चाई के साथ बात हर कांग्रेसी को रखना चाहिए। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सोशल मीडिया की मजबूत विंग होना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुए आज सोशल मीडिया के सम्मेलन में नाथ ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया टीम को महंगाई को लेकर लगातार पोस्ट करने की बात अपनी विंग से की। उन्होंने कहा कि आज का दौर सोशल मीडिया का है। कोविड काल में हम सभी ने देखा कि आॅन लाइन पत्रकार वार्ताएं हुई, सभाएं भी अब इसी तरह से हो रही है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने का यह सबसे सशक्त माध्यम बन गया है। इसका सदुपयोग किया जाए, इससे जरिए ही प्रदेश की जनता को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों को सोशल मीडिया के जरिए हर एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। सोशल मीडिया पर अपनी बात तथ्यों के साथ रखी जाना चाहिए। पार्टी के प्रचार का भी यह मजबूत माध्यम है।
सहकारिता प्रकोष्ठ से लिया फीडबैक
इससे पहले कमलनाथ ने अपने बंगले पर सहकारिता प्रकोष्ठ के काम-काम का फीडबैक लिया। फीडबैक देने के लिए प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख मौजूद थे। इनके साथ अरुण यादव और प्रकोष्ठों के प्रभारी जेपी धनोपिया भी मौजूद थे।
