भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में जारी किया बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली।  प्री-मानसून की गतिविधियों के चलते देश के मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे टेम्परेचर गिरेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान कई राज्यों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी भी चल सकती है। हालांकि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिम झारखंड के कुछ हिस्सों में लू चल रही है।

अगले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ इन्हीं जगहों पर कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, केरल, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप और झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

देश में मौसम में आए बदलाव की ये हैं 5 वजहें
पहला- स्काईवेट वेदर  के मुताबिक,लद्दाख और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है।

दूसरा: एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से पर सक्रिय है।

तीसरा: भारतीय मौसम विभाग(India Meteorological Department) के अनुसार,उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

चौथा-एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश के ऊपर बने हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश होते हुए मेघालय तक फैली हुई है।

पांचवां-एक और ट्रफ छत्तीसगढ़ से लेकर तेलंगाना के दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैली दिख रही है।

बीते दिन इन राज्यों हुई बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर में ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

 स्काईवेट वेदर के मुताबिक, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अलग-अलग हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी चलती रही।

इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गुजरात और गोवा के कुछ हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *