तेंदूपत्ता संग्राहकों को सौगात देने 22 अप्रैल को भोपाल आएंगे अमित शाह
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में शुक्रवार 22 अप्रैल को तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण और वन समितियों का सम्मेलन होने वाला है. इस सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी हिस्सा लेने वाले हैं. इस आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां जोरों पर है, वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. राजधानी के जंबूरी मैदान को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है.
सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त: कार्यक्रम में प्रदेश के वनवासियों को तेंदूपत्ता बोनस का वितरण किया जाना है, जिस मंच पर यह कार्यक्रम होने वाला है उसे तेंदूपत्ता की आकृति दी जा रही है. आयोजन स्थल पर उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इस आयोजन में देश के गृहमंत्री अमित शाह भी आ रहे हैं. लिहाजा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं. इसको लेकर पुलिस अफसरों की भी बैठकों का दौर जारी है.
तीन हजार पुलिस जवानों की तैनाती: लगभग साढ़े तीन हजार पुलिस जवानों की तैनाती के साथ बीस से अधिक भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों को भी लगाया जा रहा है. राजधानी में गुरुवार को ही जगह जगह बैरिकेटिंग कर दी गई. सुरक्षा बल की तैनाती की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर शहर के सभी होटल, लॉज, बस अडडे, स्टेशन सहित तमाम सार्वजनिक स्थलों पर खास नजर रखी जा रही है.
मंत्रियों से साथ चर्चा कर सकते हैं अमित शाह: गृहमंत्री अमित शाह तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा भाजपा के दफ्तर में दो घंटे रहेंगे. इसे सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि अगले साल राज्य में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं. वे यहां एक तरफ जहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे वहीं राज्य सरकार के मंत्रियों से भी चर्चा की संभावना है. इस प्रवास को संगठन और सरकार के फीडबैक के तौर पर भी देखा जा रहा है.
