महाराष्ट्र पुलिस में बड़ा फेरबदल, IPS समेत करीब 40 सीनियर अधिकारियों को मिला प्रमोशन या हुआ ट्रांसफर

 मुंबई
महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को बड़े फेरबदल के तहत नासिक के पुलिस आयुक्त दीपक पांडे सहित करीब 40 सीनियर पुलिस अधिकारियों को प्रमोट या ट्रांसफर कर दिया। पांडे ने कुछ दिन पहले आरोप लगाया था कि राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों की भू-माफियाओं से साठगांठ है। इस मुद्दे को सार्वजनिक करने के कारण उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
     
कई आधिकारिक आदेशों में तबादलों और पदोन्नति की घोषणा की गई। जयंत नाइकनवारे, पुलिस उप महानिरीक्षक (वीआईपी सुरक्षा), पांडे की जगह अब नासिक पुलिस आयुक्त होंगे। मीडिया में आरोप लगाने पर राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने पांडे की आलोचना की थी। पांडे को विशेष महानिरीक्षक (महिलाओं पर अत्याचार की रोकथाम विभाग) नियुक्त किया गया है।

मुंबई क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट कमीश्नर ऑफ पुलिस का भी तबादला
मुंबई क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट कमीश्नर ऑफ पुलिस मिलिंद भारम्बे का तबादला राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) (कानून व्यवस्था) के तौर पर किया गया है। विशेष आईजी सुहास वारके का तबादला पुलिस अपराध शाखा मुंबई के संयुक्त आयुक्त पद पर हुआ है, जो पहले महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था का पद संभाल रहे थे।

किस पुलिस अधिकारी का कहां हुआ ट्रांसफर
जालना के पुलिस अधीक्षक विनायक देशमुख को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के रूप में पदोन्नत किया गया और पश्चिम क्षेत्र मुंबई में तैनात किया गया है। पश्चिमी क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त संदीप कार्णिक को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुणे भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वीरेंद्र मिश्रा स्थानीय हथियार विभाग के प्रभारी थे, उन्हें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, उत्तर क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रवीण कुमार पडवाल पहले उत्तर क्षेत्र में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में तैनात थे, उन्हें संयुक्त आयुक्त आर्थिक अपराध विंग (ईओडब्ल्यू), मुंबई में तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *