शाह के दौरे पर सीएम कर सकते हैं नए ऐलान !
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 अप्रेल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल प्रवास के दौरान वन भूमि पर काबिज आदिवासियों के मामले में नए निर्णय का ऐलान कर सकते हैं। इसको लेकर सीएम चौहान ने बुधवार को जनजातीय कार्य विभाग, वन तथा राजस्व विभाग के अफसरों को साथ बैठक की। इस दौरान जम्बूरी मैदान में की जाने वाली घोषणाओं की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों से सीएम ने विचार विमर्श किया।
सीएम चौहान ने इन तीनों ही विभागों से संबद्ध जनजातीय और अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों के मामलों में बिन्दुवार चर्चा की। इसमें वन अधिकार पट्टे, वन राजस्व ग्राम, वन राजस्व सीमा विवाद के साथ अजा अजजा के विकास से संबंधित अन्य विषय शामिल रहे। तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन में शामिल होने के दौरान केंद्रीय मंत्री शाह के हाथों कुछ संग्राहकों को राशि के चेक दिलाए जाने का भी कार्यक्रम है। इसको लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। उधर राजधानी के जम्बूरी मैदान में होने वाले सम्मेलन के लिए सभा स्थल पर डोम लगाने और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। सीएम चौहान कल जम्बूरी मैदान जाकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।
प्रगति आन लाइन और अन्य मुद्दों पर बैठकें
मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को प्रदेश में संचालित बड़ी शासकीय और निजी परियोजनाओं की समीक्षा प्रगति आनलाइन के अंतर्गत करेंगे। इसके अलावा सीएम कान्क्लेव के निर्णयों पर अमल, राज्य वन्य प्राणी बोर्ड की बैठक और राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक भी लेंगे। सीएम चौहान मंत्रालय में औद्योगिक भूमि और भवन प्रबंधन नियम में किए जाने वाले संशोधन को लेकर विभाग के अफसरों से चर्चा करेंगे।
