संकट के बीच इमरान खान के लिए अच्छी खबर, निर्विरोध PoK के पीएम चुने गए सरदार तनवीर इलियास

इस्लामाबाद
 
खुद पाकिस्तान की सत्ता से हटाए गए इमरान खान के लिए एक अच्छी खबर है। उनकी पार्टी के उम्मीदवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का पीएम निर्विरोध चुना गया है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेता सरदार तनवीर इलियास को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में निर्विरोध चुना गया है। चुनाव सरदार अब्दुल कय्यूम नियाजी के गुरुवार को पद से हटने के फैसले के बाद हुआ है।नियाजी के इस्तीफे के बाद पीएम स्लॉट के लिए नया नेता चुनने के लिए बैठक हुई थी। इलियास ने पीटीआई की ओर से नामांकन पत्र जमा किए थे जिन्हें विधानसभा सचिव ने वैध घोषित किया। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान ने इलियास को पीओके पीएम पद के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामित किया था।

दूसरी ओर, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) ने संयुक्त रूप से चौधरी यासीन को शीर्ष पद के लिए मैदान में उतारा था। पाकिस्तान की राजनीति में जारी उथल-पुथल के साथ, सोमवार के सत्र में भी हंगामा हुआ, जिसमें एकजुट विपक्ष ने पीओके क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री चुनाव के सत्र का बहिष्कार किया। चुनाव की दौड़ में कोई उम्मीदवार नहीं होने से इलियास ने अपने पक्ष में 33 वोट हासिल किए। पीओके के पीएम का चुनाव संविधान के अनुच्छेद 13 और विधानसभा के नियम 15 के तहत हुआ था। पीटीआई 32 सदस्यों के साथ सदन में आगे चल रही थी और उसे मुस्लिम कॉन्फ्रेंस का समर्थन प्राप्त था। सूत्रों के अनुसार, नियाजी के अपने पद से इस्तीफा देने का कदम पार्टी के भीतर उनके खिलाफ विद्रोह के मद्देनजर आया है, जिसमें उनकी ही पार्टी द्वारा उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।

मंगलवार को पीओके में सत्तारूढ़ पीटीआई के कम से कम 25 सदस्यों ने अपने ही पीएम नियाजी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दायर किया था, जिसमें उन पर पार्टी के घोषणापत्र को लागू करने में विफल रहने और गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। अनुच्छेद 18 के तहत दायर प्रस्ताव में कहा गया कि पार्टी घोषणापत्र, कुप्रबंधन, भाई-भतीजावाद और योग्यता के उल्लंघन के कारण नियाजी ने संसदीय दल का विश्वास खो दिया है। पीटीआई विधायकों ने पीएम पद के लिए सरदार तनवीर इलियास के नाम का प्रस्ताव रखा था।

पीओके के पहले प्रधानमंत्री, खान अब्दुल हमीद खान, 5 जुलाई, 1975 को चुने गए थे। पीओके में 1985 से संसदीय प्रणाली है। सरदार सिकंदर हयात, सरदार अतीक अहमद खान और राजा फारूक हैदर खान ने दो बार पीओके पीएम का कार्यालय संभाला था।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *