खरगोन हिंसा के दिन लापता युवक का शव अस्पताल में मिला, परिजनों ने लगाए आरोप

नई दिल्ली
मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई हिंसा के बाद से यहां पुलिस-प्रशासन दंगाइयों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस बीच इस हिंसा के दिन से लापता एक शख्स की अब लाश मिली है। खऱगोन में रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान पथरवा और आगजनी की घटना हुई थी। इस दौरान वहां काफी हंगामा मचा था और कई लोगों को भी चोटें आई थीं। 10 अप्रैल यानी रामनवमी के दिन हिंसा भड़कने के बाद से ही यह शख्स लापता था।

क्या बोले प्रभारी एसपी…
लापता शख्स की पहचान इब्रेश के तौर पर हुई और फिर 14 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज करवाई गई थी। खरगोन में प्रभारी एसपी रोहित काशवानी ने कहा कि 10 अप्रैल को रात को एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी, तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।   युवक की पहचान नहीं हो पाई और खरगोन में शव को रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसके बाद उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल के शवगृह में रखने के लिए भेजा गया था। 14 अप्रैल को एक युवक इब्रेश खान के गुमशुदा होने की रिपोर्ट मिली, जांच के बाद इंदौर भेजे गए शव से उसकी पहचान हुई।

बड़े भाई ने कही यह बात..
मृतक के बड़े भाई इकलाख खान का कहना है कि उनके भाई किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसके बाद दूसरे समाज के लोगों ने उनके भाई की हथियारों से पिटाई की थी। इसके बाद पुलिस उनके भाई को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने 8 दिन तक परिजनों को नहीं बताया कि उनके भाई को गिरफ्तार किया गया है।  पुलिस के मुताबिक युवक के सिर पर गरी चोट लगी थी। आशंका है कि चोट लगने की वजह से ही युवक की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर अपनी जांच कर रही है। सोमवार की सुबह इस्लामपुरा इलाके में इब्रिश का जनाजा भी निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे। रविवार रात को प्रशासन ने सोमवार सुबह 8 से 12 बजे तक कर्फ्यू में छूट देने के निर्देश दिए थे, इसे हटा कर अब दोपहर 12 से 2 बजे तक 2 घंटे की छूट देने की बात कही गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *